साधु के वेष में शैतान, मंदिर में युवती का यौन शोषण
मंदिरों की नगरी झांसी के मऊरानीपुर में साधु के भेष में एक शैतान मिला। प्राचीन लल्ली बाबा मंदिर के पुजारी ने कथित रूप से तंत्र- मंत्र के बहाने एक युवती का यौन शोषण किया। मामले की जांच करने पहुंची कोतवाली पुलिस को पुजारी के कक्ष से दो तमंचे व कारतूस भी मिले। इतना ही नहीं मंदिर परिसर में अवैध रूप से गुटका फैक्ट्री भी संचालित होती पाई गई।
शुक्रवार को मुहल्ला चौक दमेला निवासी एक युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह कुछ वर्ष पहले बीमार हो गई थी। नगर के लल्ली बाबा मंदिर के पुजारी कमल पुरी उर्फ नागा बाबा ने घर आकर उससे कहा कि वह तांत्रिक क्रिया से उसे ठीक कर देगा। इसके लिए बाबा ने उसे मंदिर बुलाया तथा तांत्रिक क्रिया के बहाने उसका यौन शोषण किया। इसके बाद भी बाबा लगातार कई वर्षों तक उसका यौन शोषण करता रहा।
युवती की तहरीर पर सक्रिय हुई पुलिस ने मंदिर पर छापा मारा तो वहां का माहौल देख हक्की बक्की रह गई। पुलिस को आरोपी पुजारी के बिस्तर से 315 बोर के दो देसी तमंचे, चार कारतूस व देसी शराब के पाउच मिले। कमरे से तांत्रिक सामग्री भी प्राप्त हुई।
गुटखा और तमंचा फैक्ट्री चलाने का आरोप
पुलिस ने मंदिर की तलाशी ली तो वहां एक कमरे में अवैध रूप से गुटखा फैक्टरी चलती मिली। पुलिस ने मंदिर से भारी मात्रा में मां व तोता छाप तंबाकू के बोरे बरामद किए। पुलिस पुजारी कमल पुरी को गुटका बनाने की सामग्री व तमंचे सहित गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई।
मंदिर में छापे की खबर पूरे नगर में जंगल की आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते मंदिर व कोतवाली में सैकड़ों लोगों का जमावड़ा लग गया। घटना को लेकर लोगों में खासा आक्रोश व्याप्त था। पुलिस ने कोतवाली में काफी देर तक युवती व बाबा से पूछताछ की।
बाबा आरोपों को फर्जी बता रहा था, लेकिन तमंचा और गुटखा फैक्टरी के आरोपों पर वह कुछ नहीं बोल सका। मऊरानीपुर के सीओ संजय कुमार शर्मा ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
मंदिर में पुजारी के साथ मिल कर एक व्यापारी गुटखा फैक्टरी का संचालन करता था। जैसे ही उसे युवती द्वारा तहरीर देने की जानकारी लगी, उसने गुटका बनाने की मशीन व तैयार माल मंदिर से हटा लिया। इस कारण पुलिस को मौके से सिर्फ तंबाकू से भरे बोरे व पाउच ही मिल सके।