यूपी में डेढ़ साल तक युवती से दुष्कर्म, पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया
यूपी के बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती से उसी गांव के युवक ने दुष्कर्म कर उसके फोटो खींचे, उसकी वीडियो बनाई और उन्हें इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर 16 महीने तक उसके साथ दरिंदगी करता रहा।
युवती हिम्मत कर थाने गई लेकिन पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर खानापूर्ती कर दी। युवती की गुहार पर एसपी ने बड़ौत पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।
एसपी को दिए शिकायती पत्र में युवती ने बताया कि पांच सितंबर 2014 की सुबह बजे वह अपनी मां के पास जंगल में जा रही थी, तभी गांव का एक युवक उसका मुंह दबाकर गन्ने के खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के मुताबिक उसके नग्न अवस्था में फोटो भी खींचे और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। उसे धमकाया कि अगर किसी से जिक्र किया तो वह उसके फोटो इंटरनेट पर डाल देगा और अपने सभी दोस्तों को भी दे देगा।
'चुप्पी का फायदा उठाकर महीनों करता रहा मेरा रेप'
युवती ने पुलिस को बताया कि बदनामी के डर से वह चुप रही। इसका फायदा उठाकर आरोपी उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता रहा। वह अपनी रिश्तेदारी में लोनी गई तो वहां भी उसने पीछा नहीं छोड़ा। 17 जुलाई 2015 को वह उसे एक होटल में ले गया और उसके साथ दुराचार किया और उसकी वीडियो बनाई और इंटरनेट पर डालने की धमकी दी।
22 दिसंबर को युवक ने होटल में बनाई वीडियो उसके फोन पर व्हाट्स एप पर भेज दी। जिसका उसने विरोध किया। 17 जनवरी को वह जब अपनी गली में थी तो युवक ने उसका हाथ पकड़कर मिलने को कहा और कहा कि यदि नहीं मिलेगी तो वह उसे बदनाम कर देगा।
पीड़ता के मुताबिक वह शिकायत लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने मामला मारपीट गालीगलौज में लिखा। उसका मेडिकल भी नहीं कराया गया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लते हुए बड़ौत पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। कोतवाली प्रभारी वीके सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, वह इसकी रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।