दारुल उलूम के छात्रों पर बरसाईं गोलियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर के छपार में बरला इंटर कॉलेज के निकट बाइक से जा रहे दारुल उलूम देवबंद के छात्रों पर नकाबपोश दो बदमाशों ने गोलियां बरसा दीं। जिसमें दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। वहीं बाइक चला रहे शहर के मदरसे के मोहतमिम बाल-बाल बच गए। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
चेन्नई निवासी अबु आजमी और दीदाहेड़ी निवासी मोहम्मद मुबारिक देवबंद के दारुल उलूम मदरसा वक्फ में छठे दर्जे के छात्र हैं। शुक्रवार को दोनों छात्र शहर के मल्हूपुरा स्थित मस्जिद में किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे।
शाम के समय दोनों गांव दीदाहेड़ी निवासी मोहम्मद मोहसिन के साथ एक बाइक पर मुजफ्फरनगर से देवबंद दारुल उलूम लौट रहे थे। मोहम्मद मोहसिन शहर के मोहल्ला रहमानिया में दारुल उलूम फारुखिया मदरसा चलाते हैं।
जांच के बाद होगा कारणों का खुलासा
जब तीनों हाईवे स्थित बरला इंटर कॉलेज के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। जिसमें बाइक पर पीछे बैठे मुबारिक को पीठ व पैर में और बीच में बैठे चेन्नई निवासी अबु आजमी की पीठ में गोलियां लगीं। बाइक चला रहे मोहसिन बाल-बाल बच गए।
फायरिंग के बाद आरोपी बाइक सवार फरार हो गए, जबकि निकट ही स्थित पुलिस चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां दोनों छात्रों को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। फिलहाल घटना के संबंध में तहरीर नहीं दी गई है।
सीओ सदर कर्मवीर सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला रंजिशन प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद घटना के कारणों का सही खुलासा हो सकेगा। परिजनों को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए छपार थाने बुलाया गया है।