{"_id":"88d2fa9a6f3e055c5937f626c03f133d","slug":"fake-police-snached-bracelets-from-a-woman-in-rohtak-hindi-news-ar","type":"story","status":"publish","title_hn":"खुद को पुलिस बता ले भागे सोने के कंगन","category":{"title":"Crime Archives","title_hn":"क्राइम आर्काइव","slug":"crime-archives"}}
खुद को पुलिस बता ले भागे सोने के कंगन
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
Updated Sat, 23 Aug 2014 12:36 PM IST
विज्ञापन
रोहतक में तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बता एक बुजुर्ग महिला से सोने के दो कंगन छीन फरार हो गए। महिला ने शोर भी मचाया, लेकिन बाइक सवार युवक हवा की रफ्तार से फरार हो गए।
विज्ञापन
वहीं, बेखबर पुलिस को अभी तक मामले की जानकारी तक नहीं है। हालांकि बुजुर्ग महिला ने मॉडल टाउन चौकी में शिकायत दिए जाने की बात कही है, लेकिन चौकी व थाना प्रभारी इस तरह कि कोई भी जानकारी होने से ही मना कर रहे हैं।
विज्ञापन
देव कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय चंद्रवती ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह मॉडल टाउन स्थित डबल पार्क के नजदीक बनी सतयुग चैरिटेबल डिस्पेंसरी में खून की जांच कराने गई थी।
विज्ञापन
जांच के बाद डिस्पेंसरी के बाहर निकली तो एक बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास आकर रुके। उन्होंने कहा कि ‘अम्मा जी, आप ने हाथों में कंगन पहन रखे हैं, कोई आपको लूट सकता है।
घर से कंगन पहनकर न निकला करें। किसी को कंगनों के बारे में पता न चले, इसलिए आप इन्हें उतारकर अपने बैग में रख लें।’ चंद्रवती ने उनके बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वे पुलिसकर्मी हैं और सिविल वर्दी में घूम रहे हैं।
युवकों ने कहा कि छीना झपटी की वारदात काफी बढ़ गई हैं, इसलिए ध्यान रखें। युवकों को पुलिसकर्मी मानते हुए बुजुर्ग ने दोनों कंगन उतार दिए और उन्हें थैले में रखने लगी।
तभी एक युवक बाइक से उतरकर महिला के करीब पहुंच गया। जैसे ही वह थैले में कंगन डालने लगी तो युवक ने झपट्टा मारकर कंगन छीन लिए और फरार हो गए।
वहां से गुजर रहे एक शहरवासी राकेश मग्गू ने बताया कि वे महिला को मॉडल टाउन चौकी ले गए और वहां शिकायत दी गई। हालांकि सिविल लाइन थाना प्रभारी वजीर सिंह रेढू ने बताया कि उन्हें इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।