{"_id":"af1f1d654ce9945567fcff757ca844e4","slug":"top-agenda-of-modi-obama-meeting-will-be-trade-and-investment-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मोदी-ओबामा बैठक का टॉप एजेंडा होगा कारोबार और निवेश ","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
मोदी-ओबामा बैठक का टॉप एजेंडा होगा कारोबार और निवेश
नई दिल्ली/सुजय मेहदूदिया
Updated Sat, 24 Jan 2015 09:34 AM IST
विज्ञापन
भारत और अमेरिका व्यापार और निवेश को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने की जमीन तैयार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा 2020 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ा कर 500 अरब डॉलर करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य कर सकते हैं।
विज्ञापन
मौजूदा समय में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर का है। इस बीच केंद्र सरकार ने इंडिया-यूएस बिजनेस सीईओ फोरम का पुनर्गठन किया है।
भारत में अमेरिकी निवेश का प्रवाह बढ़ाने के लिए भारत-अमेरिका अंतर मंत्रालयी समूह पिछले एक माह के बाद से दो बार बैठक कर चुका है और अमेरिकी कंपनियों के सीईओ के साथ बातचीत कर निवेश परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर दिया गया है।
विज्ञापन
अमेरिका की बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने पिछले कुछ माह के दौरान बड़े निवेश की घोषणाएं की हैं। उम्मीद है कि इस वर्ष से इन घोषणाओं पर अमल शुरू हो जाएगा। आईटी कंपनी सिस्को ने अगले वर्ष तक भारत में 1.7 अरब डॉलर निवेश करने की घोषणा की है।
विज्ञापन
इसमें 40 मिलियन डॉलर का इनोवेशन फंड बनाना और शोध एवं विकास में निवेश बढ़ाने की योजना शामिल है। इसी तरह से कोका कोला इंडिया ने 2020 तक भारत में 5 अरब डॉलर निवेश करने की बात कही है।
ज्यादातर अमेरिकी कंपनियों का कहना है कि वे भारत में ज्यादा पारदर्शिता और नीतियों में निरंतरता चाहती हैं। अमेरिकी कंपनियों का मानना है कि भारत में उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकारों के साथ काम करना है।
इस बीच बराक ओबामा के भारत पहुंचने से दो दिन पहले केंद्र सरकार ने यूएस-इंडिया सीईओ फोरम का पुनर्गठन किया है। इसके तहत साइरस मिस्त्री को रतन टाटा की जगह को-चेयरमैन बनाया गया है और इसमें अनिल अंबानी को शामिल किया गया है।
टाटा संस के चेयरमैन साइरस मिस्त्री फोरम में भारतीय कंपनियों के सीईओ की अगुवाई करेंगे। सीईओ फोरम मीट की बैठक 26 जनवरी को दोपहर में होगी। शाम को बराक ओबामा और नरेंद्र मोदी फोरम को संबोधित करेंगे। इससे साफ संकेत जाएगा कि व्यापार और निवेश को दोनों देश कितनी अहमियत दे रहे हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, भारती एंटरप्राइजेज के प्रमुख सुनील मित्तल और आईसीआईसीआई बैंक की सीईओ चंदा कोचर फोरम में बने हुए हैं। इसके अलावा अदाणी समूह के प्रमुख गौतम अदाणी, एस्सार समूह के प्रमुख शशि रुइया भी 17 सदस्यीय फोरम में शामिल हैं।