'रॉयल बेबी' के पैदा होने पर एक एयरलाइन दे रही खास ऑफर
ब्रिटेन में रॉयल बेबी के जन्म पर जश्न और उपहारों का सिलसिला जारी है। भारत में भी ब्रिटेन के शाही परिवार के समर्थकों की कमी नहीं है। ब्रिटिश एयरवेज ने ब्रिटेन की यात्रा करने वाले भारतीय परिवारों के दो साल तक के बच्चों को हवाई यात्रा मुफ्त कराने की पेशकश की है।
इससे भारत के परिवार अपने नन्हे-मुन्नों को ब्रिटेन की मुफ्त में यात्रा करा सकेंगे। ब्रिटिश एयरवेज ने अपने बिजनेस और इकोनॉमी क्लास के लिए ऑफर 31 जुलाई तक के लिए दिया है।
ऑफर हासिल करने के लिए टिकटों को 17 मई से पहले बुक कराना होगा। ब्रिटिश एयरवेज की उड़ानें मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, बंगलूरू, हैदराबाद से संचालित होती हैं।
15 लाख बच्चे हर साल करते हैं सफर
दक्षिण एशिया में ब्रिटिश एयरवेज के रीजनल कमर्शियल मैनेजर मोरन बिर्गर ने कहा कि रॉयल बेबी का जन्म पूरे यूके के लिए बहुत ही खुशी की खबर है और ब्रिटिश एयरवेज इस सेलिब्रेशन को अपने भारतीय ग्राहकों तक पहुंचाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि ब्रिटिश एयरवेज से हर साल 15 लाख से भी अधिक बच्चे सफर करते हैं। ऐसे में एयरलाइन बच्चों के माता-पिता को इस खास मौके पर सेलिब्रेट करने का एक मौका दे रही है।