सहारा का लंदन स्थित बड़ा होटल होगा नीलाम
सेबी से कानूनी लड़ाई में बुरी तरह फंस चुके सहारा समूह के सामने एक और मुसीबत आन पड़ी है। देनदार का कर्ज नहीं चुका पाने के कारण लंदन के पॉश इलाके में स्थित करीब 5000 करोड़ की कीमत वाला इसका मशहूर होटल ‘ग्रोसवेनर हाउस’ नीलाम किया जा रहा है। यह नीलामी बैंक ऑफ चाइना की ओर से कराई जा रही है। समूह द्वारा कर्ज का भुगतान नहीं करने के बाद बैंक ने यह कदम उठाया है। हालांकि सहारा समूह ने कर्ज नहीं चुका पाने को तकनीकी बताया है।
अपने मालिक सुब्रत राय की रिहाई के लिए फंड जुटाने में लगे सहारा समूह ने कहा है कि वह बैंक ऑफ चाइना का कर्ज अदा करने की दिशा में काम कर रहा है, ताकि वह अपने इस मशहूर होटल को फिर से हासिल कर सके। मालूम हो कि ब्रिटेन स्थित ग्रोसवेनर हाउस और न्यूयॉर्क प्लाजा और ड्रीम डाउनटाउन को लेकर सहारा के तीन होटलों पर बैंक ऑफ चाइना का काफी ज्यादा लोन है।
बैंक ऑफ चाइना कराएगा नीलामी
सोमवार शाम ही बैंक ऑफ चाइना ने अपने लोन की रिकवरी के लिए ग्रोसवेनर हाउस का प्रशासन अपने हाथ में ले लिया था। रियल्टी कंसल्टेंट जेएलएल को इस बिक्री के लिए खरीददार जुटाने को कहा गया है। सहारा समूह ने इन्हीं तीन संपत्तियों को बेंचकर सुब्रत राय को रिहा कराने की योजना बनाई थी। लेकिन बैंक ऑफ चाइना के इस कदम से उसकी कोशिशें को झटका लगा सकता है।
सूत्रों को मानें तो सहारा समूह लोन को पूरा करने के लिए फिर से लोन पाने की कोशिश में लगा है। सहारा समूह ने इन तीनों होटलों का अधिग्रहण 2010-12 में किया था। ग्रोसवेनर हाउस लंदन स्थित पार्क लेन में स्थित है। इस इमारत का डिजाइन नई दिल्ली को बसाने वाले मशहूर वास्तुकार सर एडविन लूटियन्स ने तैयार किया था। यह भारत के बाहर सहारा के स्वामित्व वाले तीन आलीशान होटलों में से एक है।