इनकम टैक्स रिटर्न भरने वालों के लिए खुशखबरी
इनकम टैक्स रिटर्न (आईटीआर) भरने वालों को रिफंड के लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा। अब उनके खातों में महज सात से 10 दिन के भीतर रिफंड आ जाएगा।
दरअसल आयकर विभाग के आईटीआर को आधार तथा दूसरे बैंक डाटाबेस से सत्यापित कराने की नई पहल बेहद कारगर रही है। सबसे बड़ी बात है कि लोगों ने भी इस कवायद को हाथों हाथ लिया है।
विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार यह बीते दिनों की बात हो गई, जब आयकर रिफंड में महीनों और कई मामलों में तो कुछ साल भी लग जाते थे।
नया इलेक्ट्रानिक सत्यापित ई-फाइलिंग सिस्टम उपभोक्ताओं के हित में साबित हुआ है। इसकी वजह से 2015-16 के आईटीआर को जांचने और दूसरी प्रक्रिया में बेहद कम समय लग रहा है।
आंकड़ों में आयकर
विभाग की कोशिश है कि लोगों को एक हफ्ते में या अधिकतम 10 दिनों में रिफंड मिल जाए। हालिया आंकड़ों के अनुसार विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर सात सितंबर 2015 तक 2.06 करोड़ रिटर्न दाखिल हुए थे।
पिछले साल के 1.63 करोड़ की तुलना में यह आंकड़ा 26.12 प्रतिशत अधिक है। विभाग के सेंट्रल प्रोसेसिंग सेंटर ने सात सितंबर तक 2015-16 से संबंधित 22.14 आयकर दाताओं को रिफंड भेज भी दिया है।
लोगों ने विभाग के पास जो टेस्टीमोनियल भेजे हैं, उनके अनुसार उन्हें आईटीआर भरने के 11 से 13 दिनों में अपना पैसा वापस मिल गया।