माइक्रोसॉफ्ट 6 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की करेगी छंटनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईटी क्षेत्र की कंपनी माइक्रोसॉफ्ट वैश्विक स्तर पर अपने 6 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सत्या नाडेला के नेतृत्व में कंपनी द्वारा अपने 39 वर्षों के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी छंटनी होगी। घटनाक्रम से जुडे़ सूत्रों के अनुसार कर्मचारियों की सबसे ज्यादा छंटनी कंपनी की नोकिया इकाई में होने का अनुमान है।
माइक्रोसॉफ्ट देगी जोर का झटका
माइक्रोसॉफ्ट ने इस वर्ष अप्रैल में 7.2 अरब डॉलर के सौदे के तहत नोकिया का अधिग्रहण किया था, जिसके कारण कंपनी के कर्मचारियों की कुल संख्या बढ़कर एक लाख 27 हजार तक पहुंच गई है। कंपनी का कहना है कि जब उसने नोकिया के अधिग्रहण का सौदा किया था, तभी यह बात साफ कर दी थी कि 18 महीनों के अंदर अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह प्रतिवर्ष अपने खर्चों में 60 करोड़ डॉलर की कटौती करेगी। कर्मचारियों की छंटनी को इसी योजना का एक हिस्सा माना जा रहा है।
कहां-कहां जाएगी नौकरियां?
ऐसी भी खबर है कि कंपनी मनोरंजन उत्पादन बनाने वाले एक्स बॉक्स गेम्स और दूसरी ऐसी अन्य इकाइयों में भी छंटनी करने वाली है। नाडेला की कारोबारी रणनीति के तहत, माइक्रोसॉफ्ट को सिर्फ सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी तक सीमित नहीं करके इसे ऑनलाइन एप्लिकेशंस, विभिन्न तरह के उपकरण और ऑनलाइन सेवाएं देने वाली कंपनी भी बनाने की तैयारी हो रही है, ताकि वह गूगल और एप्पल जैसी अपनी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों को टक्कर दे सके।