ATM से पैसा निकालना होगा महंगा
आने वाले दिनों में आपको दूसरे बैंक का एटीएम तीन बार से ज्यादा इस्तेमाल करने पर 20 रुपये शुल्क देना पड़ सकता है। अभी पांच बार तक एटीएम के इस्तेमाल पर उपभोक्ता को किसी तरह का कोई शुल्क नहीं देना पड़ता है।
ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि एटीएम इस्तेमाल पर फीस को लेकर बैंकों की समिति ने आरबीआई के पास मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा में कमी करने का प्रस्ताव दे दिया है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला भारतीय रिजर्व बैंक करेगा।
इंटर बैंक शुल्क में भी हो सकती है बढ़ोतरी
बीते नवंबर में कॉरपोरेशन बैंक के एटीएम में एक महिला पर हुए हमले के बाद से ही बैंक फीस बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। जिसे देखते हुए छह बैंकों की समिति का गठन किया गया था। इसके तहत भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक के वरिष्ठ अधिकारी नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के साथ फीस बढ़ाने के फामूर्लों को तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
समिति में शामिल एक बैंकर ने अमर उजाला को बताया कि पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा को घटाकर तीन करने और इंटर बैंक चार्ज को 15 रुपये से बढ़ाकर 16.5 करने का प्रस्ताव आरबीआई को दिया गया है। इंटर बैंक चार्ज के तहत बैंक अपने ग्राहक द्वारा इस्तेमाल किए गए दूसरे बैंक के एटीएम के एवज में बैंक को शुल्क देते हैं।
अंतिम फैसला आरबीआई को करना है
अधिकारी के अनुसार इंटर बैंक चार्ज को लेकर सार्वजनिक बैंक विरोध कर रहे थे, जिसे देखते हुए पहले के तीन रूपये के प्रस्ताव को घटाकर 1.5 रुपया कर दिया गया है। अब सब कुछ आरबीआई के पाले में हैं।
बैंकों ने इसके अलावा बड़े शहरों में दूसरे बैंक का एटीएम इस्तेमाल करने पर मुफ्त ट्रांजैक्शन को समाप्त करने का भी प्रस्ताव उठाया था। अब एटीएम ट्रांजैक्शन को लेकर अंतिम फैसला आरबीआई को करना है। इसके पहले वित्त मंत्रालय फीस बढ़ोतरी का विरोध कर चुका है।