फ्लाइट हुई लेट तो कटेगी कर्मचारियों की सैलरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एयर इंडिया की उड़ानों में लगातार देरी और खराब ऑन टाइम परफॉर्मेंस के चलते सरकार की तरफ से एक अनोखा आदेश जारी किया गया है। इस आदेश के अनुसार अगर किसी उड़ान में देर होती है तो इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति की सैलरी काट ली जाएगी।
यह आदेश 1 फरवरी से ही लागू किया जा चुका है। विमानन सचिव वी सोमासुंदरन की तरफ से जारी किए गए इस आदेश में पायलट, केबिन क्रू मेंबर, इंजीनियरिंग स्टाफ, ग्राउंड हैंडलर और कैटरिंग को शामिल किया गया है।
हफ्ते भर में सोमासुन्दरन की तरफ से दिया गया यह दूसरा आदेश है। इससे पहले उन्होंने एयर इंडिया को 800 केबिन क्रू मेंबर की भर्ती का आदेश दिया था, ताकि क्रू मेंबर की कमी की वजह से उड़ानों में होने वाली देरी से बचा जा सके।
गलती दोहराई तो सख्त कार्रवाई
विमानन सचिव ने कहा है कि उड़ानों में देरी की वजह से एयर इंडिया को न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि लोगों की नजरों में एयर इंडिया की छवि भी खराब हो रही है।
इस आदेश के अनुसार यदि कोई व्यक्ति सैलरी कटने के बाद भी अपनी गलती दोहराता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एयर इंडिया को बायोमेट्रिक मशीन भी लगाने की हिदायत दी गई है, ताकि एयर इंडिया के सभी कर्मचारियों की उपस्थिति पर नजर रखी जा सके।