सड़क से लीजिए 'आसमानी हरियाली' का मजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जमीन पर हरियाली कम हो रही है तो क्या हुआ आसमान तो है न! कभी सोचा है आपने आसमान में बगीचा लगाया जाए तो कैसा हो? कैलीफोर्निया के कलाकार स्टीफन ग्लासमैन ने न सिर्फ ऐसा सोचा बल्कि इस सोच को पूरा करने के लिए भी जुट गए। इन दिनों स्टीफन का प्रोजेक्ट ‘अर्बन एयर’ कैलीफोर्निया के लास एंजिल्स में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस प्रोजेक्ट का थीम है ‘गार्डन इन द स्काई’। सड़कों पर पसरे ट्रैफिक के बीच हरियाली को जगह देने के लिए स्टीफन ने आसमान को चुना है। आसमान यानी जमीन से कुछ ऊंचाई पर तनकर खड़े हुए विज्ञापन बोर्ड्स।
मिस्टर ग्लासमैन के मुताबिक शहर में विज्ञापन करने वाले बड़े-बड़े बोर्डों की भरमार है। इनका उद्देश्य सिर्फ लोगों की चीजें खरीदने के लिए उकसाना है, लेकिन इनका और भी कई तरह से इस्तेमाल हो सकता है। यह एक हरे-भरे भविष्य का संकेत भी बन सकते हैं।
ग्लासमैन पिछले कई सालों से बैंबू से क्रिएटिव पीस बना रहे हैं। इसलिए ‘गार्डन इन द स्काई’ के थीम पर खरा उतरने के लिए भी स्टीफन ने बैंबू को ही चुना। स्टीफन कहते हैं ‘कम जगह लेने और ज्यादा ऊंचाई होने की वजह से मैंने इसे चुना।’ बैंबू की सबसे बड़ी खासियत है इसकी मजबूती। इसी मजबूती की वजह से विज्ञापन बोर्ड्स पर इसका इस्तेमाल मुमकिन हो सका।
स्टीफन ग्लासमैन को उम्मीद है कि उनका ‘गार्डन इन द स्काई’ वाहन चालकों को भी शांति और सुकून का अहसास देगा। साथ ही हरियाली बनाए रखने के लिए देश में ऐसे दूसरे प्रोजेक्ट शुरू करने की प्रेरणा भी बनेगा।
ग्लासमैन के अनुसार ‘मैं शहरों के आसमान को इतना खूबसूरत बनाना चाहता हूं कि जब भी ट्रैफिक में फंसे हारे थके लोग ऊपर की तरफ देखें उन्हें ताजा हवा और सुकून का अहसास हो।’ ऐसे किसी भी काम से पहले कुछ कीमत अदा करनी पड़ती है। अर्बन एयर प्रोजेक्ट के लिए भी अभी कुछ और फंड्स की जरूरत है।
उम्मीद है कि 11 दिसंबर तक फंडिंग पूरी हो जाएगी और फरवरी तक पहला ‘गार्डन इन द स्काई’ शहर में अपनी जगह बना लेगा। फिलहाल इस प्रोजेक्ट के ब्लू प्रिंट तैयार किए गए हैं। मिस्टर ग्लासमैन के मुताबिक सारी तैयारी पूरी हो गई है। डिजाइनिंग से लेकर इंजीनियरिंग तक सब कुछ तय हो चुका है। प्रोजेक्ट के लिए एक विज्ञापन बोर्ड भी दे दिया गया है। बस मंजिल से कुछ कदमों की दूरी बाकी है।