बिहार में राहुल गांधी ने दिया नया नारा- 'कुछ नहीं सब झूठा है, नरेंद्र मोदी ने लूटा है'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के समस्तीपुर में महागठबंधन की चुनावी रैली में पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा सरकार और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। फ्लाइट के इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण आधे रास्ते से वापस दिल्ली लौटे और फिर बिहार पहुंचे राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी ने आपको बहुत लूटा है।
उन्होंने कहा कि मोदीजी ने देश के लोगों का पांच लाख 55 हजार करोड़ रुपए लेकर अनिल अंबानी, मेहुल चौकसी, नीरव मोदी और विजय माल्या जैसे 15 लोगों को दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने बिहार के लिए स्पेशल पैकेज देने का वादा किया, लेकिन कुछ नहीं सब झूठा है, नरेंद्र मोदी ने लूटा है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले नारा था अच्छे दिन आएंगे, अब नारा है- चौकीदार.........। उन्होंने भीड़ से भी नारे लगवाए। कहा कि पीएम मोदी रोजगार और किसानों पर बात नहीं करते। हम किसानों के लिए अलग बजट बनाएंगे।
न्याय योजना पर बात करते हुए कहा कि हम पीएम मोदी की तरह 15 लाख देने का झूठ नहीं बोलेंगे, बल्कि हम हर गरीब परिवार को हम सालाना 72 हजार रुपये देंगे। कहा कि कांग्रेस की सरकार 10 लाख युवाओं को रोजगार देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार न्याय योजना के तहत देश की पांच करोड़ महिलाओं के बैंक के खाते में महीने के 6 हजार रुपए डालेगी और इसका सबसे ज्यादा फायदा बिहार की जनता को मिलेगा। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी सरकार देगी जो देश से पूरी तरह से गरीबी हटा देगी। हर गरीब को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गरीबों, किसानों और मजदूरों पर सर्जिकल स्ट्राइक किया है। आप सोचिए की आपको कैसी सरकार चाहिए।
तेजस्वी बोले- थाली में दाल चाहिए, तो राहुल गांधी को पीएम बनाइए
रैली में राहुल गांधी के साथ मौजूद राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि मोदी जी ने थाली में से दाल छीन लिया है। थाली में दाल चाहिए तो राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाइये। उन्होंने लोगों से नारे लगवाए- भाजपा भगाओ, देश बचाओ। 'बेरोजगारी हटाओ, आरक्षण बढ़ाओ' और 'पलटू नेता हटाओ, बिहार बचाओ'।
राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पहली बार एक साथ मंच पर दिखे। तेजस्वी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई सगा नही जिसे नीतीश चाचा ने ठगा नहीं। शराबबन्दी पर तेजस्वी ने सवाल उठाया और कहा कि शराबबन्दी से ब्लैकमनी सरकार के पॉकेट में जा रही है।
समस्तीपुर लोकसभा सीट से महागठबंधन की ओर से अशोक राम चुनावी मैदान में हैं। जबकि एनडीए की ओर से लोजपा के रामचंद्र पासवान चुनाव लड़ रहे हैं।समस्तीपुर में 29 अप्रैल को मतदान होगा।