पत्नी की हत्या कर खुद पिया एसिड, जानिए क्यों पति ने उठाया ये खौफनाक कदम
पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद इस कदर बढ़ गया कि वहशी पति ने 9 साल के बेटे के सामने पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी।
घटना इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र के बड़ी भमोरी इलाके की है। पिता का वहशीपन देखकर बेटा इतना डर गया था कि वो मां को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। वहीं पत्नी की हत्या के आरोप में जब पुलिस आरोपी पति को गिरफ्तार करने पहुंची तो उसने एसिड पीकर आत्महत्या की कोशिश की। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें- पत्नी की हत्या कर गुनाह छिपाने के लिए किया ऐसा कांड पुलिस भी रह गई हैरान
विजयनगर सीएसपी जयंत राठौर ने बताया कि आरोपी दल्लू (40) का अक्सर अपनी पत्नी कविता से झगड़ा होता रहता था। मंगलवार सुबह भी पति-पत्नी में जमकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि दल्लू ने पास पड़ी मोगरी से कविता को पीटना शुरू कर दिया। दल्लू पत्नी को तब तक पीटता रहा जब तक वो अधमरी नहीं हो गई। इसके बाद उसने रस्सी से कविता का गला दबाकर हत्या कर दी।
शराब पीने का आदी है आरोपी पति
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दल्लू मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी है। वहीं कुसुम घरेलू काम करती थी। करीब डेढ़ साल पहले भी दल्लू ने अपनी पत्नी को चाकू मार दिया था।
ये पूरा घटनाक्रम 9 वर्षीय बेटे अजय के सामने हुआ। पिता के सिर पर खून सवार देखकर अजय इतना डर गया कि वो चुपचाप एक कोने में बैठा रहा और अपनी मां को बचाने आगे तक नहीं बढ़ा। बाद में अजय पास रहने वाली अपनी नानी कुसुम के यहां पहुंचा और घटना की जानकारी दी। वहीं पड़ोसियों ने कविता की हत्या की सूचना पुलिस को दी।
ये भी पढ़ें- पति ने कहा बेटी से मिलना है तो नाले के पास आ जाओ, फिर पत्नी का गला काटा
घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दल्लू भी अचेत हालत में मिला। उसने एसिड पी लिया था। पुलिस ने उसे तत्काल एम वाय अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दल्लू के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।