फर्जीवाड़ा: चौकीदार छह वर्षों से विदेश में, परिजन ले रहे थे पगार
भारतीय जनता पार्टी सांसद अनुराग ठाकुर के गोद लिए आदर्श ग्राम देहलां में फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां पर तैनात पंचायत चौकीदार पिछले करीब छह वर्षों से विदेश में नौकरी कर रहा है, लेकिन पगार अभी भी उसे दी जा रही है। चौकीदार की जगह उसकी पत्नी काम करती आ रही है। जब पगार लेने का समय आता है तो उसका बेटा पंचायत में पहुंच जाता है।
स्थानीय पंचायत रिकॉर्ड के मुताबिक रसीदी टिकट पर फर्जी साइन कर चेक का भुगतान किया गया। ऐसा वर्ष 2010 से हो रहा है। 31 दिसंबर 2015 तक उक्त चौकीदार को करीब एक लाख 5800 रुपये के चेक दिए गए। अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं है। मामले को पुराने पंचायत प्रतिनिधियों ने तो दबाए रखा जबकि जनवरी में चुनी गई नई पंचायत के प्रतिनिधियों ने भी कुछ नहीं किया।
गोलमोल दिया जवाब
स्थानीय निवासी विनीत मेनन ने बीते दिनों ग्राम सभा में मामला उठाया, लेकिन किसी ने उनके आरोपों को तवज्जो नहीं दी। अब आरटीआई से जानकारी लेने पर पंचायत चौकीदार के वर्षों से विदेश में होने और फर्जी तरीके से चेक के भुगतान का खुलासा हुआ है। ग्राम पंचायत लोअर देहलां की मौजूदा पंचायत सचिव संतोष कुमारी का कहना है कि आरटीआई के तहत जवाब देने में कहीं चूक रह गई होगी।
चौकीदार के चेक भुगतान के सवाल पर किसी तरह की टिप्पणी से उन्होंने इनकार कर दिया। बीडीओ ऊना चेत सिंह ने कहा कि आरटीआई के तहत पूरी जानकारी न देने की शिकायत आई थी। उन्होंने पंचायत सचिव को विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाने को कहा है।