{"_id":"5ab34d684f1c1ba6768b6edd","slug":"army-men-shot-dead-for-opposing-harassment-of-colleagues-wife-in-bareilly","type":"story","status":"publish","title_hn":"भाभी का पीछा करने का किया विरोध तो जवान को मार दी गोली","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
भाभी का पीछा करने का किया विरोध तो जवान को मार दी गोली
क्राइम डेस्क, अमर उजाला
Updated Thu, 22 Mar 2018 12:00 PM IST
विज्ञापन
गोली
कैंट इलाके के सदर बाजार में बुधवार दोपहर साइकिल पर बावर्दी जा रहे जाट रेजिमेंट के लांस नायक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी ने पहले लांस नायक की पीठ और फिर सीने पर गोली मारी। दिनदहाड़े इस वारदात से बाजार में भगदड़ मच गई। दहशत में आए दुकानदारों ने धड़ाधड़ अपने शटर गिराने शुरू कर दिए। लांस नायक को गोली मारने के बाद आरोपी टहलते हुए थाना कैंट पहुंचा और सरेंडर कर दिया। घायल लांस नायक को फौरन मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस की जांच में पता चला कि लांस नायक ने कुछ दिन पहले अपने फौजी दोस्त की पत्नी का पीछा करने पर एक युवक को दो थप्पड़ मार दिए। इसी घटना की रंजिश में उसकी सरेआम हत्या कर दी गई।
विज्ञापन
जाट रेजिमेंट सेंटर में लांसनायक 35 वर्षीय अनिल कुमार पत्नी सोनी और दो बेटों अजय और विजय के साथ इसी फरवरी में कैंट के सदर बाजार के पास आजाद मोहल्ले में रहने आए थे। आजाद मोहल्ले में उनके घर के सामने रहने वाले महेश भी सेना में लांस नायक हैं जो अरुणाचल प्रदेश में तैनात हैं। महेश की पत्नी गोमती यहां अपने बच्चों के साथ रहती है। गोली लगने के बाद घायल लांस नायक अनिल कुमार ने कैंट थाने के इंस्पेक्टर विजय पाल को बयान दिया कि कुछ दिन पहले उनके दोस्त महेश का फोन आया था कि उनकी पत्नी का राजेश चौधरी नाम का एक व्यक्ति पीछा करता है। इस पर उन्होंने महेश की पत्नी से बात की।
विज्ञापन
करीब आठ दिन पहले सदर बाजार में उनका पीछा कर रहे राजेश चौधरी को रंगे हाथ पकड़कर पीट दिया था। पुलिस के मुताबिक राजेश चौधरी ने अपनी पिटाई की बात अपने छोटे भाई ध्रुव चौधरी को बताई थी। इससे तैश में आए ध्रुव ने बुधवार को सदर बाजार में साइकिल से गुजर रहे अनिल को रुकने के लिए हाथ से इशारा किया। अनिल नहीं रुके तो उसने तमंचा निकालकर उनकी पीठ में गोली मार दी। अनिल लहूलुहान होकर सड़क पर गिरे तो ध्रुव ने दोबारा तमंचा लोड किया और उनके पास जाकर दूसरी गोली उनके सीने में दाग दी। घायल लांस नायक को फौरन मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने हत्यारोपी ध्रुव चौधरी और उसके भाई राजेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन