एक और गुरुग्राम: खेत में दबा मिला स्कूल से गायब छात्र का शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुग्राम की घटना के बाद भी स्कूलों के बाहर मासूमों की सुरक्षा के बंदोबस्त नहीं है। यूपी के गजरौला में स्कूल गेट के बाहर से आठ दिन पहले गायब हुए छात्र का शव गन्ने के खेत में दबा मिला। उसकी गर्दन ब्लेड से काटकर शव को दबाया गया था।
शव के पास ही छात्र का बैग और किताबें पड़ी मिली हैं। सूचना पर परिजनों संग सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और मौके पर जमकर नारेबाजी की। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस से ग्रामीणों की तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने बमुश्किल लोगों को समझाकर शांत किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देरशाम तक परिजन ग्रामीणों संग कार्रवाई की मांग के लिए थाने में डेरा डाले रहे।
थाना क्षेत्र के गांव वसेली निवासी राजमिस्त्री नरेश सिंह का आठ वर्षीय बेटा अभिषेक कुमराला स्थित एचसीएम इंटर कॉलेज में कक्षा दो में पढ़ता था। सात दिसंबर को अभिषेक स्कूल गया था लेकिन स्कूल गेट से लापता हो गया। परिजनों का आरोप है कि अभिषेक स्कूल गेट पर पहुंचा था, लेकिन गेटमैन ने देर से स्कूल पहुंचने का हवाला देकर बेटे को लौटा दिया। यहीं से बच्चा अचानक लापता हो गया। इधर, पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया था, लेकिन पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।
गुरुवार को मासूम की बरामदगी की मांग करते हुए लोगों ने थाने के सामने रोड जाम कर दी। बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वसेली के जंगल में एक गन्ने के खेत में गांव की ही दो बालिकाएं घास लेने गई थीं। इस दौरान जमीन से बाहर बच्चे का पैर देखकर वह घबरा गईं। शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
कहीं कुकर्म के बाद तो नहीं हुई हत्या
वसेली के जंगल में आठ दिन से गायब छात्र का शव मिलने के बाद यह भी चर्चा चल रही है कि कहीं हत्या से पहले मासूम के साथ कुकर्म जैसी घिनौनी वारदात तो नहीं हुई है। हत्या के पीछे की कहानी जो हो लेकिन कुकर्म की बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
हालांकि कुकर्म की स्थिति पीएम रिपोर्ट में ही स्पष्ट हो पाएगी। शव की हालत देखकर तंत्र-मंत्र विद्या से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। हत्यारा तांत्रिक भी हो सकता है। संदिग्ध युवक पर तांत्रिक होने का आरोप भी लगाया गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजेश सिंह का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी के साथ जांच कराई जाएगी। पीएम रिपोर्ट के बाद स्थिति ज्यादा साफ हो जाएगी। चौबीस घंटे में घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। दोषी जल्द ही सलाखों के पीछे खड़ा दिखाई देगा।