मुंबई में मंत्रालय के चार और बेस्ट के 15 कर्मचारी कोरोना से संक्रमित
- दो दिनों तक बंद रहेगा मंत्रालय
- विषाणु मुक्त करने के लिए होगा छिड़काव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंत्रालय के चार कर्मचारियों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद अगले दो दिनों तक मंत्रालय इमारत बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान इमारत को विषाणु मुक्त करने के लिए छिड़काव किया जाएगा। मंत्रालय में मंत्रियों और सचिव स्तर के अधिकारियों समेंत सभी विभाग के कार्यालय हैं।
मंगलवार को सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सीताराम कुंटे ने कहा कि कोरोना महामारी की परिस्थिति में केंद्र सरकार के दिशा निर्देश के अनुसार सार्वजनिक जगहों और कार्यालयों में कीटाणुशोधन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा गया है।
मंत्रालय और नई प्रशासकीय इमारत के सभी कार्यालयों में दो दिनों तक छिड़काव होगा। वहीं, एक अधिकारी ने कहा कि मंत्रालय में कोरोना संक्रमण के फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन की वजह से न्यूनतम कर्मचारियों के साथ काम किया जा रहा है।
जो संक्रमित हुए हैं उस विभाग के कर्मचारियों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अब बुधवार और गुरुवार को कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए मंत्रालय और उसके सामने स्थित नई प्रशासनिक इमारत को सैनिटाईज किया जाएगा।
बेस्ट के 15 कर्मचारी संक्रमित
इस बीच बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन उपक्रम (बेस्ट) के 15 कर्मचारियों को कोरोना संक्रमित होने का मामला सामने आया है। जबकि एक की मौत हो चुकी है। बेस्ट के मुख्य मेडिकल आफिसर के अनुसार इसमें बेस्ट के 7 परिचालक और चार चालक और अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
इनमें से चार लोगों की यात्रा की कोई जानकारी नहीं है, जबकि अब तक बेस्ट के 250 कर्मचारियों को क्वरंटीन किया जा चुका है। वहीं, 150 कर्मचारियों के 14 दिन के क्वरंटीन की अवधि खत्म हो चुकी है।
इससे पहले बेस्ट विद्युत विभाग के दो कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जिसमें से एक की मौत हो गई थी। अब तक बेस्ट के 7500 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है।