05:07 PM, 15-Jul-2022
पकादिगुडम बांध से छोड़े गए पानी के पास कई लोग पहुंचे
महाराष्ट्र के चंद्रपुर में पकादिगुडम बांध से छोड़े गए पानी के पास कई लोग पहुंच गए। इतना ही नहीं कुछ लोग तो मछली पकड़ने के लिए पानी में भी उतर भी गए। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के बीच घटना का एक वीडियो सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले के अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी।
02:05 PM, 15-Jul-2022
नागपुर में एक व्यक्ति की मौत
महाराष्ट्र के नागपुर शहर में भारी बारिश के बाद मकान ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी घायल हो गई। घटना न्यू बाबुलखेड़ा इलाके के तीन मंडी चौक पर बृहस्पतिवार रात लगभग 11 बजे हुई।
01:40 PM, 15-Jul-2022
तेलंगाना में बाढ़ में बहे टीवी पत्रकार का शव बरामद
तेलंगाना में कुछ दिन पहले भारी बारिश से संबंधित सूचनाएं जुटाने के दौरान बाढ़ में बहे टीवी पत्रकार का शव जगित्याल जिले में रामजीपेट के निकट शुक्रवार सुबह बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि जगित्याल में एक समाचार चैनल के पत्रकार जमीर (36) बारह जुलाई को बाढ़ से संबंधित खबरें कवर करने के लिए जिले के रैकल गांव में गये थे और इसके बाद वह लापता हो गए थे। उन्होंने बताया कि वाहन को गुरुवार को बाढ़ग्रस्त इलाके से बरामद किया गया और पत्रकार का शव शुक्रवार सुबह रामजीपेट गांव में मिला।
01:11 PM, 15-Jul-2022
लगातार बारिश से गंगानगर शहर में स्थिति बिगड़ी
राजस्थान के सीमावर्ती गंगानगर शहर में लगातार तीन दिन से जारी भारी बारिश के कारण ज्यादातर हिस्सों में जलभराव हो गया है।एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गंगानगर में लगातार तीन दिन से भारी बारिश से पैदा हुई जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने सेना की मदद मांगी थी और सेना के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है।
12:38 PM, 15-Jul-2022
गुजरात: नवसारी में फंसे करीब 40 लोग
गुजरात के नवसारी के भाथा गांव में बाढ़ के कारण 40 लोग फंस गए हैं। इन लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ को तैनात किया गया है। सब-इंस्पेक्टर संदीप ने बताया तीन से चार दिनों से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। करीब 200 से 250 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अभी 30 से 40 लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

10:05 AM, 15-Jul-2022
पीएम मोदी रख रहे हालात पर नजर
गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह लगातार नजर रखे हुए हैं। यह जानकारी गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने दी। उन्होंने बताया, वायु सेना के दो हेलीकॉप्टरों व एनडीआरएफ की टीम ने आज सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
08:53 AM, 15-Jul-2022
पालघर-पुणे व सतारा में ऑरेंज अलर्ट
महाराष्ट्र के पालघर, पुणे व सतारा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, कोल्हापुर, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में आज येलो अलर्ट जारी किया है।
08:43 AM, 15-Jul-2022
महाराष्ट्र में अब तक 99 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण देर रात चार लोगों की मौत हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन के मुताबिक, बाढ़ और बारिश के कारण यहां अब तक 99 लोगों की मौत हो गई है। लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की कुल 14 टीमें और 6 एसडीआरएफ को तैनात किया गया है। अब तक 7,963 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
08:41 AM, 15-Jul-2022
लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी- सीएम शिंदे
महाराष्ट्र में बाढ़ के कारण कई लोग फंस गए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के प्रयास जारी हैं। मैं बारीकी से निगरानी कर रहा हूं। सभी अधिकारी मेरे संपर्क में हैं। सभी डीएम मैदान में हैं। हमारी सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
08:38 AM, 15-Jul-2022
महाराष्ट्र को तेलंगाना से जोड़ने वाली सड़क डूबी
महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण वर्धा नदी उफान पर है। इस कारण महाराष्ट्र और तेलंगाना को जोड़ने वाली सड़क जलमग्न हो गई है। चंद्रपुर शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं।
