09:47 PM, 07-Aug-2024
भाजपा सांसद मधावानेनी रघुनंदन राव का विपक्ष पर निशाना
भाजपा सांसद मधावानेनी रघुनंदन राव ने लोकसभा में केंद्रीय बजट की आलोचना करने पर विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘अगर आप लैला को देखना चाहते हैं, तो उसके लिए मजनू जैसी निगाहें होनी चाहिए। उसी तरह अगर आप बजट को देखना चाहते हैं, तो उसके लिए बेहद गरीब व्यक्ति जैसी निगाहें होनी चाहिए।’ उन्होंने कहा कि सरकार ने देश के प्रत्येक तबके को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया है।
08:28 PM, 07-Aug-2024
राज्य सभा में विनेश फोगाट के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा
राज्य सभा में विपक्ष के सांसदों ने महिला पहलवान विनेश फोगाट को न्याय दिलाने के लिए नारेबाजी शुरू कर दी। आपको बता दें कि विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक के फाइनल मैच से पहले अधिक वजन के लिए अयोग्य घोषित किया गया है। जब राज्य सभा में विपक्ष के सांसदों को इस मुद्दे पर बोलने से मना किया गया, तो वे सदन छोड़कर बाहर निकल गए। राज्य सभा स्पीकर जगदीप धनखड़ ने विपक्ष के सांसदों के ऐसे व्यवहार की आलोचना की।
07:00 PM, 07-Aug-2024
संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में वित्त (संख्या दो) विधेयक 2024 पारित हुआ। इसके बाद लोकसभा को गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित किया गया।
05:04 PM, 07-Aug-2024
वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर विपक्ष ने उठाई मांग
लोकसभा में विपक्ष ने मांग उठाई है कि वक्फ संशोधन विधेयक को लोकसभा में पेश करने के बाद इसे जांच के लिए संसद की स्थायी समिति को भेजा जाए। उधर, सरकार का कहना है कि लोकसभा की समझ का आकलन करने के बाद व्यवसाय सलाहकार समिति द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक पर फैसला लिया जाएगा। सरकार के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक को पेश करने के बाद इसे पारित करने के लिए किसी तरह का दबाव नहीं डाला जाएगा। सूत्रों का ये भी कहना है कि विधेयक को जांच के लिए संसद की स्थायी समिति के पास भेजना है या नहीं, इस बारे में बाद में विचार किया जाएगा।
03:29 PM, 07-Aug-2024
खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि विनेश को हरसंभव मदद दी गई। उन्हें प्रशिक्षण के लिए भी वित्तीय सहायता दी गई। उनके अतिरिक्त स्टाफ को भी हर तरह की मदद दी गई। फिजियोथेरेपिस्ट भी उनके अलग से ही थे।
03:25 PM, 07-Aug-2024
खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि पीटी ऊषा अभी पेरिस में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे बात की है। कुश्ती संघ पर मामले का संज्ञान ले रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसका विरोध जताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीते दिन विनेश फोगाट ने एक ही दिन में तीन मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन दुर्भाग्य से फाइनल से पहले उनका वजन (50 किलोग्राम भारवर्ग) ज्यादा पाया गया। खेल के कड़े नियमों की वजह से उन्हें अयोग्य करार दे दिया गया।
03:12 PM, 07-Aug-2024
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आज शून्यकाल के दौरान विपक्ष के नेता ने कुछ ऐसी बातें उठाईं जो तथ्यों से परे थीं। एक अखबार का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि एनसीईआरटी की छठी कक्षा की किताबों में प्रस्तावना का विषय था, अब हटा दिया गया है। मैंने सदन के अध्यक्ष की अनुमति से इस मामले को स्पष्ट किया। हाल ही में छठी कक्षा की नई पाठ्यपुस्तकें आ चुकी हैं। सभी पुस्तकों में संविधान की प्रस्तावना, मौलिक कर्तव्य, मौलिक अधिकार, राष्ट्रगान आदि विषयों को पहले की तुलना में अधिक पुस्तकों में रखा गया है। कांग्रेस पार्टी हताशा के कारण झूठ और भ्रम फैलाने के काम पर लगे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि विपक्ष के नेता जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति सदन को गुमराह न करें...उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।
02:11 PM, 07-Aug-2024
आप सांसद राघव चड्ढा ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए श्री गुरु नानक देव की जन्मस्थली श्री ननकाना साहिब तक सुरक्षित गलियारा स्थापित करने के लिए पाकिस्तान सरकार से बातचीत करने का आग्रह किया। उन्होंने राज्यसभा में बोलते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के लिए पासपोर्ट, वीज़ा और बोझिल फॉर्म की कोई अनिवार्य आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। साथ ही, भक्तों से कोई शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए। अमृतसर (अटारी वाघा बॉर्डर) से शुरू होकर पाकिस्तान में श्री ननकाना साहिब तक एक सुरक्षित सड़क मार्ग बनाया जाना चाहिए।
02:06 PM, 07-Aug-2024
दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोको पायलटों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ संसद भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की।
01:52 PM, 07-Aug-2024
लोकसभा में भी उठा सवाल
वहीं, भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में कुश्ती के फाइनल मुकाबले से अयोग्य ठहराने का मुद्दा बुधवार को लोकसभा में गूंजा। विपक्षी सांसदों के सवालों पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि केंद्रीय खेल मंत्री आज दोपहर 3 बजे इस मामले पर बयान देंगे।