Parliament LIVE: गृह मंत्री बोले- नहीं पता विपक्ष चर्चा क्यों नहीं चाहता, हम चाहते हैं सच्चाई देश के सामने आए
Parliament Monsoon Session Today Live News in Hindi : लोकसभा-राज्यसभा में आज भी मणिपुर मुद्दे पर हंगामे के बीच चर्चा नहीं हो पाई। खुद गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष से चर्चा करने की अपील की। हालांकि, राज्यसभा और लोकसभा को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
लाइव अपडेट
पट्टादाताओं ने विमानन कंपनी गो फर्स्ट के 54 विमानों का पंजीकरण रद्द करने की मांग की है। विमानन नियामक डीजीसीए मई में उड़ानें रद्द करने की एयरलाइन की घोषणा के बाद से स्थिति पर नजर रख रहा है। सरकार ने सोमवार को यह जानकारी दी। नकदी की कमी से जूझ रही सस्ते परिवहन वाली विमानन कंपनी गो फर्स्ट ने 3 मई को अपनी उड़ानें बंद कर दी और वह स्वैच्छिक दिवाला समाधान प्रक्रिया से गुजर रही है। राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वीके सिंह ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब यह प्रधानमंत्री बनकर आए थे, उन्होंने नौटंकी की थी। पिछले 9 सालों उन्होंने लोकतांत्रिक और संसदीय परंपराओं को तिलांजली दी है। मणिपुर ढाई महीने से जल रहा है। प्रधानमंत्री को सदन में बोलना चाहिए। सदन से बाहर उन्होंने इसका राजनीतिकरण किया। मणिपुर के जैसे हालात किस राज्य में हैं, जो उन्होंने राजस्थान और छत्तीसगढ़ से जोड़ा? अगर उन्होने (संजय सिंह) वेल में आकर कुछ कह दिया तो उन्होंने ऐसा कौन सा अपराध कर दिया कि उनको पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया? हम इसकी निंदा करते हैं।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री आकर मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा करेंगे तो आसमान तो नहीं फट जाएगा? पूरी दुनिया में इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है...हमारी बस छोटी सी मांग है कि मणिपुर में आज जो गंभीर हालात हैं उस पर प्रधानमंत्री चर्चा के लिए आए।
राज्यसभा सभापति द्वारा आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को संसद से पूरे सत्र के लिए निलंबित किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने उनके निलंबन का 'खंडन' और 'विरोध' किया।
राज्यसभा सभापति द्वारा आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को संसद से पूरे सत्र के लिए निलंबित किए जाने कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भारत में जितने राजनीतिक दल हैं, वे सब संजय सिंह के साथ हैं। सभी (राजनीतिक दल) के प्रतिनिधि यहां मौजूद हैं। हम सब संजय सिहं के साथ गांधी जी की प्रतिमा के पास जाकर विरोध करेंगे।
राज्यसभा से पूरे सत्र के लिए निलंबित किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री सदन में आकर मणिपुर की हिंसा पर जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं। एक कारगिल के योद्धा की पत्नी को निर्वस्त्र कर परेड कराया गया। भारत के 140 करोड़ लोगों का सर शर्म से झुक गया है, लेकिन प्रधानमंत्री सदन में आकर जवाब देने के लिए तैयार नहीं हैं।
#WATCH | AAP Rajya Sabha MP Sanjay Singh speaks on his suspension from the current Monsoon session of Parliament
— ANI (@ANI) July 24, 2023
"Why is the PM not speaking on violence in Manipur in Parliament? The PM is not ready to speak on this in the Parliament. The government is not ready to discuss this… pic.twitter.com/GpWNnmnQ1W
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सार्वजनिक और निजी दोनों बैंकों को निर्देश दिया गया है कि जब ऋण भुगतान की प्रक्रिया की बात आती है तो कठोर कदम नहीं उठाया जाना चाहिए और उन्हें ऐसे मामलों को संवेदनशीलता के साथ संभालना चाहिए। सीतारमण ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान छोटे कर्जदारों के कर्ज पुनर्भुगतान से जुड़े एक सवाल पर हस्तक्षेप करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि मैंने इस बारे में शिकायतें सुनी हैं कि कुछ बैंकों की ओर से ऋण चुकाने में बहुत ही कड़ाई चल रही है। सरकार ने सभी सार्वजनिक और निजी बैंकों को निर्देश दिया है कि जब ऋण भुगतान की प्रक्रिया की बात आती है तो ऐसे सख्त कदमों से बचना चाहिए। उन्हें मानवता और संवेदनशीलता को ध्यान में रखना चाहिए।
AAP सांसद संजय सिंह के निलंबन के खिलाफ विपक्षी सांसदों ने जमकर विरोध दर्ज कराया। भारी हंगामे की वजह से राज्यसभा को भी दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश संजय सिंह से कहा कि मैं आप सांसद से फिर से सदन से बाहर जाने का अनुरोध करता हूं, ताकि सदन की कार्यवाही जारी रह सके।
राजनाथ सिंह ने मल्लिकार्जुन खरगे से फोन पर की बात
रक्षा मंत्री और लोकसभा के उप नेता राजनाथ सिंह ने संसद में मणिपुर के विषय पर जारी गतिरोध को खत्म करने के प्रयास के तहत कांग्रेस अध्यक्ष तथा राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से फोन पर बात की है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि रक्षा मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष को रविवार रात फोन किया था, लेकिन खरगे ने स्पष्ट कर दिया कि विपक्ष मणिपुर के मामले पर सदन में विस्तृत चर्चा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वक्तव्य चाहता है।उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘राजनाथ सिंह जी ने कल रात कांग्रेस अध्यक्ष खरगे जी को फ़ोन कर सदन में गतिरोध के बारे में बात की। कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ़ तौर पर कहा कि हम सदन में विस्तृत चर्चा चाहते हैं, रोज़ इस बारे में नियम 267 के अन्तर्गत नोटिस भी दे रहे हैं क्योंकि मणिपुर में हो रही हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, प्रधानमंत्री जी को सदन में आकर बयान देना चाहिए।” विपक्षी दल मानसून सत्र के पहले दिन से ही मणिपुर के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संसद में वक्तव्य देने और चर्चा की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर हंगामे के कारण संसद के मानसून सत्र के पहले दो दिन दोनों सदनों की कार्यवाही बार बार बाधित हुई।