10:29 PM, 11-Dec-2021
सीरो पॉजिटिविटी दर कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अहम
सीएसआइआर के कोशिका एवं आणविक जीव विज्ञान केंद्र के पूर्व निदेशक राकेश मिश्र ने कोरोना को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि भारत 70 से 80 फीसदी उच्च सीरो पॉजिटिविटी दर के साथ कोरोना के खिलाफ लड़ाई में बेहतर स्थिति में है। बड़े शहरों में 90 फीसदी लोगों में कोरोना के खिलाफ एंटीबॉडी बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि अगर टीकाकरण का दायरा बढ़ता है और बच्चों का टीकाकरण भी शुरू किया जाता है तो यह और भी लाभदायक होगा। देश में ओमिक्रॉन का प्रसार लगभग तय है, लेकिन डेल्टा की तुलना में स्थिति बेहतर रहेगी। उन्होंने कहा कि महामारी की लहर बिना किसी नए वैरिएंट के भी आ सकती है।
09:42 PM, 11-Dec-2021
केंद्र ने राज्यों को भेजा पत्र, निगरानी बढ़ाने के निर्देश
केंद्र सरकार ने शनिवार को राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र भेजकर जिला स्तर पर कोरोना निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है। बीते दो हफ्तों में दस राज्यों के 27 जिलों में मामले बढ़ने के बाद सरकार ने सख्ती बढ़ाने को कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने पत्र में कहा, अधिक मामलों वाले क्षेत्र की पहचान कर वहां निगरानी नियम कड़े करने को कहा। इसमें रात्रि कर्फ्यू लगाने, शादी समारोह में अधिक लोगों के शामिल होने पर रोक, एक जगह पर लोगाें के जमावड़े पर प्रतिबंध लगाने जैसे कदम उठाने की सलाह दी है। भूषण ने कहा, तीन राज्यों के आठ जिलों में 10 फीसदी से अधिक संक्रमण दर दर्ज की गई है। पांच राज्यों के 19 जिलों में 5-10 फीसदी संक्रमण दर रही है। इन 27 जिलों में कड़ी निगरानी की जरूरत है। राज्यों से कोरोना जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
09:42 PM, 11-Dec-2021
राहत: पुणे में डेढ़ साल की बच्ची ओमिक्रॉन से ठीक हुई
सबसे अधिक मामलों वाले महाराष्ट्र से शनिवार को राहत की खबर है कि वहां डेढ़ साल की बच्ची ओमिक्रॉन से ठीक होकर घर चली गई है। इस बच्ची की बुआ नाइजीरिया से लौटकर उसके घर आई थी। जिसके बाद उसके पिता और बहन में भी ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई थी।
09:14 PM, 11-Dec-2021
वैक्सीनेशन आंकड़ा लगभग 133 करोड़
भारत का कोविड वैक्सीनेशन आंकड़ा लगभग 133 करोड़ (132,84,04,705) तक पहुंच गया है, जिसमें आज लगाई गई 81 लाख से अधिक डोज शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।
08:15 PM, 11-Dec-2021
महाराष्ट्र में आज ओमिक्रॉन का कोई नया मामला नहीं
महाराष्ट्र में आज ओमिक्रॉन का कोई नया मामला सामने नहीं आया। राज्य में अब तक ओमिक्रॉन के कुल 17 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 7 मरीज रिकवर होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। महाराष्ट्र सरकार ने यह जानकारी दी है।
07:48 PM, 11-Dec-2021
मीनाक्षी अम्मन मंदिर के लिए दिशा-निर्देश जारी
13 दिसंबर से तमिलनाडु के मदुरै में मीनाक्षी अम्मन मंदिर में केवल कोविड वैक्सीन की दोनों डोज़ लगवा चुके व्यक्तियों को प्रवेश करने की अनुमति होगी। मंदिर प्रशासन ने शनिवार को यह जानकारी दी।
02:51 PM, 11-Dec-2021
डेल्टा जितना खतरनाक नहीं है ओमिक्रॉन
दक्षिण अफ्रीका में डॉक्टरों ने बताया है कि कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन डेल्टा जैसा खतरनाक नहीं है।
01:10 PM, 11-Dec-2021
साढ़े तीन साल की बच्ची भी संक्रमित
मुंबई में शुक्रवार को ओमिक्रॉन के सात नए मामले सामने आए। इसमें सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ओमिक्रॉन के संक्रमितों में एक साढ़े तीन साल की बच्ची भी शामिल है। यानी ओमिक्रॉन बच्चों को भी तेजी से शिकार बना रहा है।
11:47 AM, 11-Dec-2021
अमेरिका में बूस्टर डोज ले चुके लोग भी संक्रमित
ओमिक्रॉन को लेकर अमेरिका से चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। बूस्टर डोज ले चुके लोग संक्रमित हो रहे हैं, नए वैरिएंट की चपेट में 58 फीसदी युवा आ गए हैं। अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन ने रिपोर्ट में खुलासा किया है। सीडीसी ने कहा, अब तक अमेरिका में ओमिक्रॉन के 43 मामले सामने आए हैं, इनमें से 34 लोगों को दोनों खुराकें दी जा चुकी हैं, जबकि 14 लोग बूस्टर भी ले चुके हैं हालांकि, इनमें से 5 लोग ऐसे हैं, जिन्होंने 14 या उससे कम दिन पहले ही बूस्टर डोज ली है।
10:26 AM, 11-Dec-2021
जिम्बाब्वे से दिल्ली आया शख्स ओमिक्रॉन संक्रमित
दिल्ली में ओमिक्रॉन का दूसरा मामला सामने आया है। जिम्बाब्वे से दिल्ली आया शख्स संक्रमित पाया गया। जीनोम सिक्वेंसिंग में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। संक्रमित मरीज को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली में ओमिक्रॉन के दूसरे मामले मिलने के साथ ही भारत में यह आंकड़ा 33 पहुंच गया है।