11:05 PM, 25-Dec-2021
फर्जी कोविड-19 टीकाकरण प्रमाण पत्र रैकेट का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने शुक्रवार को नकली लोगों को नकली कोविड-19 टीकाकरण प्रमाण पत्र जारी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया और इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, जिन लोगों को कोविड-19 का टीका नहीं लगाया गया था, उन्हें उच्च कीमतों पर प्रमाण पत्र बेचे गए। पुलिस ने कुर्ला थाने में एल-वार्ड के सहायक चिकित्सा अधिकारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई की थी।
11:04 PM, 25-Dec-2021
ब्रिटेन ने दी विदेशी कर्मियों के वीजा नियमों में ढील
ब्रिटेन ने भारत समेत अन्य देशों से आने वाले सामाजिक देखभाल कामगार, देखभाल सहायक और घरेलू सहायकों के वीजा नियमों में ढील दी है। इस श्रेणी में आने वाले कर्मचारी जल्द ही ब्रिटिश स्वास्थ्य एवं देखभाल वीजा के वास्ते 12 महीने के लिए योग्य होंगे। सरकार ने यह अस्थायी कदम इस क्षेत्र में कर्मचारियों की भारी कमी को देखते हुए उठाया है।
ब्रिटिश सरकार ने कहा कि योजना में अस्थायी बदलाव के बाद बुजुर्गों की देखभाल करने वाले कामगारों की संख्या बढ़ाने के लिए हजारों अतिरिक्त देखभाल कर्मियों की भर्ती की जा सकेगी। इस बदलाव के बाद नियोक्ता अंतर को पाटने के लिए अर्हता रखने वाले कर्मियों की जल्द, सस्ते और आसान तरीके से भर्ती हो सकेगी।
11:01 PM, 25-Dec-2021
कर्नाटक में ओमिक्रॉन के सात नए मामले
कर्नाटक में आज ओमिक्रॉन के सात नए मामले दर्ज़ किए गए। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के. सुधाकर ने इसकी जानकारी दी।
08:30 PM, 25-Dec-2021
गुजरात में छह नए केस
गुजरात में ओमिक्रॉन के छह नए मामले सामने आए हैं। इस तरह राज्य में अब तक 49 लोग कोरोना के नए वैरिएंट की चपेट में आ चुके हैं।
07:39 PM, 25-Dec-2021
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के दो नए केस
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 1,485 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 796 लोग ठीक हुए और 12 मरीजों की मौतें हुईं। राज्य में फिलहाल 9,102 मरीजों का इलाज चल रहा है। इस दौरान औरंगाबाद में दो नए ओमिक्रॉन संक्रमित सामने आए हैं। राज्य में अब तक कोरोना के नए वैरिएंट के कुल 110 मामले सामने आए हैं।
07:36 PM, 25-Dec-2021
डब्ल्यूएचओ ने जारी की चेतावनी
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने तमिलनाडु के लिए चेतावनी जारी की है। डब्ल्यूएचओ की मुख्य वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन समेत अन्य विशेषज्ञों ने आगामी त्योहारों के दौरान सावधान रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने टीकों में कमी और कोविड-19 को लेकर सतर्कता में कमी के कारण ओमिक्रॉन के मामलों में बढ़ोतरी की आशंका जताई है।
06:20 PM, 25-Dec-2021
केरल में एक नया ओमिक्रॉन संक्रमित
केरल में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का एक और मामला सामने आया है। इसी के साथ राज्य में 38 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं।
05:36 PM, 25-Dec-2021
असम में नाइट कर्फ्यू का एलान
कोरोनावायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के मद्देनजर असम में नई पाबंदियों का एलान कर दिया गया है। राज्य सरकार के मुताबिक, कल यानी रविवार से राज्य में रात 11:30 बजे से सुबह 6 बते तक रात्रि कर्फ्यू लागू किया जा रहा है। यह कर्फ्यू 31 दिसंबर, 2021 को लागू नहीं होगा।
05:04 PM, 25-Dec-2021
कर्नाटक में 33 मेडिकल छात्र संक्रमित
कोलार के एक मेडिकल कॉलेज के 33 मेडिकल छात्रों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी छात्रों को अस्पताल में आइसोलेट किया गया है।
04:38 PM, 25-Dec-2021
राजस्थान में ओमिक्रॉन के 21 नए मामले
राजस्थान में ओमिक्रॉन के 21 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 11 संक्रमित जयपुर, छह अजमेर, तीन उदयपुर और एक महाराष्ट्र का व्यक्ति है। राजस्थान में अब ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या 43 हो गई है।