10:14 PM, 10-Dec-2022
12 दिसंबर को भूपेंद्र पटेल का शपथग्रहण
गुजरात में भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री के तौर पर लगातार दूसरी बार राज्य की कमान संभालेंगे। भाजपा विधायक दल ने शनिवार को मौजूदा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को औपचारिक रूप से अपना नेता चुन लिया। भूपेंद्र पटेल ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत से राजभवन जाकर मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने उन्हें को सोमवार अपराह्न दो बजे सरकार के गठन और शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया है। भूपेंद्र पटेल राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के तौर पर गांधीनगर स्थित नए सचिवालय के नजदीक हैलीपैड मैदान में 12 दिसंबर को पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल इस दौरान मौजूद रहेंगे।
05:35 PM, 10-Dec-2022
कैबिनेट में इन्हें मिलेगा मौका!
विधानसभा चुनावों में सूरत के ऐतिहासिक प्रदर्शन करने के बाद अब मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई है। हालांकि कयास यह भी लगाए जा रहे है कि इस बार सूरत का प्रतिनिधित्व मंत्रिमंडल में कम होगा। क्योंकि इस बार पूरे प्रदेश में भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया। सभी जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखकर सरकार में मंत्री बनाए जाएंगे। भूपेंद्र पटेल की पिछली सरकार में सूरत से चार विधायकों को मंत्री बनाया गया था।
पढ़ें पूरी खबर
01:50 PM, 10-Dec-2022
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता विजय रूपाणी ने कहा है कि भाजपा की बैठक में भूपेंद्र पटेल को सर्वसम्मति से नेता बनाया गया है। भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में आने वाले 5 साल में गुजरात का और विकास होगा और यहां की जनता की अपेक्षा पूरी होगी। इस बीच भूपेंद्र पटेल ने राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
01:41 PM, 10-Dec-2022
मीडिया से मुखातिब हुए भूपेंद्र पटेल
विधायक दल की बैठक के बाद भूपेंद्र पटेल ने मीडिया से भी बात की। उन्होंने कहा कि हमने गुजरात की जनता का भरोसा जीता है। हम जनता से किए गए वादों पर काम शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कानून तैयार करने के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। भाजपा सरकार घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी।
01:05 PM, 10-Dec-2022
भूपेंद्र पटेल चुने गए विधायक दल के नेता
भूपेंद्र पटेल ही गुजरात के अगले मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा विधायक दल ने बैठक के बाद औपचारिक तौर पर पटेल के नाम पर मुहर लगा दी। इसी के साथ पटेल लगातार दूसरी बार सीएम पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। बताया गया है कि उनके नाम का प्रस्ताव विधायक कनु देसाई ने रखा था, जिसका सभी विधायकों ने जोर-शोर से समर्थन किया।
12:32 PM, 10-Dec-2022
भूपेंद्र पटेल का विधायक दल का नेता चुना जाना महज औपचारिकता है, क्योंकि पार्टी चुनाव से पहले ही पटेल के राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा कर चुकी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पाटिल ने पटेल के एक बार फिर राज्य का मुख्यमंत्री बनने की गुरुवार को ही पुष्टि कर दी थी। उन्होंने एलान किया था कि 12 दिसंबर को सीएम पद के लिए पटेल का शपथ ग्रहण होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ-साथ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।
12:30 PM, 10-Dec-2022
Gujarat LIVE: भूपेंद्र पटेल चुने गए विधायक दल के नेता, राज्यपाल से मिलकर पेश किया सरकार बनाने का दावा
गुजरात में बंपर जीत हासिल करने के बाद भाजपा के विधायक आज दल के नेता को चुनने के लिए बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में नवनिर्वाचित विधायकों के साथ-साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा चुनाव समिति के नेता बीएस येदियुरप्पा और गुजरात इकाई के प्रमुख सीआर पटेल मौजूद हैं। माना जा रहा है कि आज ही भूपेंद्र पटेल को विधायक दल का नेता चुन लिया जाएगा, जिसके बाद वे राज्यपाल से मिल कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।