12:47 AM, 03-Jan-2022
बेलूर मठ भक्तों के लिए बंद
पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा घोषित कोरोना प्रतिबंधों के मद्देनजर बेलूर मठ अगली अधिसूचना तक भक्तों और आगंतुकों के लिए बंद रहेगा
10:28 PM, 02-Jan-2022
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री कोरोना संक्रमित
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस देव सिंह कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि कोरोना संक्रमण के लक्षण देखने पर आज शाम रायपुर में मैंने अपनी कोविड जांच करवाई, जिसमें मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी मेरी तबियत ठीक है एवं चिकित्सकों के निर्देशानुसार मैं होम आइसोलेशन में रहकर उपचार ले रहा हूं।
उन्होंने कहा कि मेरा निवेदन है कि पिछले दिनों जो व्यक्ति मेरे संपर्क में रहे हैं, आप सभी कृपया अपनी कोविड की जांच करवा लें। समस्त प्रदेशवासियों से आग्रह है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करें एवं जब तक आवश्यक न हो घर में ही रहें।
09:41 PM, 02-Jan-2022
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन का आंकड़ा 510 पहुंचा
महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना के 11,877 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 2,069 लोग और 9 मौतें दर्ज़ की गई। सक्रिय मामले 42,024 हैं। राज्य में बीते 24 घंटे में ओमिक्रॉन के 50 मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के अब तक कुल 510 मामले सामने आ चुके हैं।
09:38 PM, 02-Jan-2022
कोरोना मरीजों का डिजिटली उपचार करेगी तमिलनाडु सरकार
तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यन ने रविवार को बताया कि राज्य सरकार आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना के उन मरीजों के लिए डिजिटल माध्यम से उपचार की व्यवस्था करने पर विचार कर रही है, जिन्होंने टीके की दोनों खुराक ले ली हैं और जो ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि यह सुविधा ओमिक्रॉन के संक्रमित उन मरीजों को भी मुहैया कराई जाएगी, जिनका टीकाकरण नहीं हुआ है, लेकिन उनमें बीमारी के लक्षण नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इन मरीजों के स्वास्थ्य पर एक चिकित्सकीय दल लगातार नजर रखेगा।
07:06 PM, 02-Jan-2022
केरल में ओमिक्रॉन के 45 नए मामले
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामले केरल में 150 के पार पहुंच गए हैं। रविवार को यहां ओमिक्रॉन के 45 नए मामले सामने आए हैं। यहां अब तक 152 लोग कोरोना के नए वैरिएंट की चपेट में आ चुके हैं।
07:05 PM, 02-Jan-2022
सुप्रीम कोर्ट में कल से सिर्फ वर्चुअल सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने कोविड मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए 3 जनवरी से 2 सप्ताह के लिए सिर्फ वर्चुअल माध्यम से सुनवाई करने का निर्णय लिया है।
03:35 PM, 02-Jan-2022
ओडिशा में ओमिक्रॉन के 23 नए मामले
ओडिशा में ओमिक्रॉन के 23 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में नए वैरिएंट के कुल मामलों की संख्या 37 तक पहुंच गई है। निदेशक, जन स्वास्थ्य निरंजन मिश्रा ने यह जानकारी दी है।
12:32 PM, 02-Jan-2022
सोनिया गांधी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से कोरोना स्थिति पर बात की
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से कोरोना स्थिति पर बात की और राज्य की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। बातचीत के बाद छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और रायपुर जैसे कुछ शहरों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। चूंकि ओडिशा में जीनोम अनुक्रमण केंद्र में जांच के लिए कई नमूने भेजे गए हैं, इसलिए कुछ समय लग रहा है। घबराने की जरूरत नहीं, राज्य सरकार ने सारे इंतजाम कर रखे हैं।
12:10 PM, 02-Jan-2022
डरने की जरूरत नहीं: केजरीवाल
Arvind kejriwal Press Conference: दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। फिलहाल शहर में एक्टिव केस 6360 हैं। आज 3100 नए मामले सामने आने की उम्मीद है। कल केवल 246 अस्पताल के बिस्तरों की जरूरत पड़ी थी। सभी मामले हल्के और बिना लक्षण वाले हैं। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने 37,000 आक्सीजन बेड की व्यवस्था की है जिनमें से सिर्फ़ 82 बेड पर ही मरीज हैं और 6000 से ज़्यादा लोग दिल्ली में कोरोना से पीड़ित हैं। मैं आपको केवल यह बताना चाहता हूं कि सभी नए मामलों में हल्के लक्षण हैं इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।
11:21 AM, 02-Jan-2022
दिल्ली में कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन के लिए 99 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना
दिल्ली में 'येलो अलर्ट' प्रतिबंधों को लागू करने के बाद कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन के लिए 1 जनवरी, 2022 को 99 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना और 66 प्राथमिकी दर्ज की गई। दिल्ली सरकार ने इसकी जानकारी दी गई है।