11:49 PM, 23-Apr-2021
मुरादाबाद में एक दिन में कोरोना से 10 मौतें
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिन में कोरोना से 10 मौतें हुई हैं और 1752 नए संक्रमित मिले हैं। मरने वालों में दरोगा, अधिवक्ता और नगर निगम के पार्षद शामिल हैं। जिले में एक्टिव केस 6135 हो गए हैं।
10:31 PM, 23-Apr-2021
सैन्य चिकित्सा अधिकारियों को आपात वित्तीय शक्तियां
देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को सेना के तीनों अंगों की चिकित्सा सेवाओं के महानिदेशक को चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने संबंधी खरीदी के लिए पांच करोड़ रुपये की आपात वित्तीय शक्ति दी है। सरकारी आदेश के अनुसार, मेजर जनरल रैंक के मेडिकल अधिकारियों को तीन करोड़ रुपये जबकि ब्रिगेडियर रैंक के चिकित्सा अधिकारियों को दो करोड़ रुपये की खरीदी करने की आपात शक्ति दी गई है।
10:16 PM, 23-Apr-2021
केरल में अगले दो दिन लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध
केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने शुक्रवार को कहा कि अगले दो दिन (शनिवार और रविवार) को राज्य में लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध रहेंगे। केवल आवश्यक सेवाओं को और आपातकालीन यात्रा को ही अनुमति रहेगी। विवाह समारोह के लिए इनडोर में 75 लोगों और आउटडोर में 150 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी गई है। अंतिम संस्कार में अधिकतम 50 लोग शामिल हो सकेंगे।
10:05 PM, 23-Apr-2021
पुणे: 9810 नए मामले, 137 की मौत
महाराष्ट्र के पुणे जिले में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 9810 नए मामले सामने आए, 10310 लोग ठीक हुए और 137 की मौत हो गई। जिले में अब कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा एक लाख एक हजार 279 पर पहुंच गया है। यहां अब तक कोरोना के कुल सात लाख 73 हजार चार मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से छह लाख 59 हजार 875 लोग ठीक हो चुके हैं और 12,019 की मौत हुई है।
09:32 PM, 23-Apr-2021
बंगाल: 12876 नए मामले, 59 की मौत
चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 12,876 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 6878 लोग ठीक हुए और 59 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले सात लाख 13 हजार 780 हो गए हैं वहीं, सक्रिय मामलों का आंकड़ा 74,737 पर पहुंच गया है।
09:23 PM, 23-Apr-2021
महाराष्ट्र: 66836 नए मामले, 74045 ठीक हुए
देश में कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 66,836 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में 74,045 लोग ठीक हुए और 773 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 41 लाख 81 हजार 576 हो गई है। इनमें से 34 लाख चार हजार 792 मरीज ठीक हुए औं और 63,252 की जान गई है। राज्य में अब कोरोना के छह लाख 91 हजार 851 सक्रिय मामले हैं।
09:07 PM, 23-Apr-2021
ठाणे: भर्ती कराने के लिए घूस लेने के आरोप में पांच पर प्राथमिकी
महाराष्ट्र के ठाणे में कोविड-19 के दो मरीजों को अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराने के एवज में प्रत्येक से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे के महापौर नरेश म्हस्के को शिकायत मिली थी कि कोविड-19 के दो मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने के एवज में रिश्वत ली गई है जबकि अस्पताल में इलाज की सुविधा मुफ्त है।अभी मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
08:55 PM, 23-Apr-2021
बंगाल: हवाई यात्रियों के लिए निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य
पश्चिम बंगाल सरकार ने 26 अप्रैल से दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए कोरोना वायरस की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य करने का फैसला किया है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय को यह जानकारी देते हुए कहा कि 26 अप्रैल से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ से बंगाल आने वाले लोगों को निगेटिव कोरोना रिपोर्ट पेश करनी होगी और यह रिपोर्ट 72 घंटे से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।
08:38 PM, 23-Apr-2021
राजस्थान: 15398 नए मामले, 64 की मौत
राजस्थान में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 संक्रमण के 15,398 नए मामले दर्ज किए गए, 5197 मरीज ठीक हुए और 64 की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यहां अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख 17 हजार 294 हो गई है। राज्य में अब तक तीन लाख 62 हजार 526 लोग ठीक हो चुके हैं और 3453 मरीजों की जान गई है।
08:35 PM, 23-Apr-2021
नागपुर पहुंची ऑक्सीजन एक्सप्रेस
गुरुवार को विशाखापत्तनम से चली रोरो (रोल ऑन रोल ऑफ) ऑक्सीजन एक्सप्रेस शुक्रवार की शाम नागपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंच गई। इस ट्रेन में सात टैंकर हैं जिसमें से तीन टैंकर यहां अनलोड किए गए।