11:37 PM, 30-Dec-2021
तेलंगाना : 24 घंटे में पांच नए मामले सामने आए
तेलंगाना में पिछले 24 घंटों में ओमिक्रॉन संक्रमण के पांच नए मामले सामने आए हैं। यहां ओमिक्रॉन संक्रमितों की कुल संख्या 67 हो गई है। वहीं राज्य में गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 280 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
11:00 PM, 30-Dec-2021
बिहार में ओमिक्रॉन की दस्तक
बिहार में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का पहला मामला सामने आया है। ओमिक्रॉन का पहला मरीज राजधानी पटना में पाया गया है। डाकबंगला चौराहा के पास आईएएस कॉलोनी में रहने वाला एक 26 साल के युवक की ओमिक्रॉन रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे फिलहाल आइसोलेट कर दिया गया है। संक्रमण की पुष्टि होते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
10:35 PM, 30-Dec-2021
महाराष्ट्र के एक और मंत्री संक्रमित
इस बीच खबर है कि महाराष्ट्र के मंत्री बालासाहेब थोराट भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक लक्षण दिखने के बाद उन्होंने अपना कोरोना टेस्ट कराया, जिसमें उनकी रिपोेर्ट पॉजिटिव आई है।
09:54 PM, 30-Dec-2021
तेलंगाना में भी पांच नए मामले आए
तेलंगाना में गुरुवार को ओमिक्रॉन स्वरूप के पांच नए मामले सामने आए हैं, जिसके चलते यहां इस वैरिएंट के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 67 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में यह जानकारी दी।
09:50 PM, 30-Dec-2021
हरियाणा में ओमिक्रॉन के 23 नए मामले
हरियाणा में गुरुवार को कोरोना के ओमिक्रॉन स्वरूप के 23 और मामले दर्ज किए गए, जो अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। इस तरह राज्य में ऐसे मामलों की संख्या 37 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। बुलेटिन के अनुसार इन 37 मरीजों में से 12 का इलाज चल रहा है जबकि अन्य को छुट्टी दे दी गई है।
09:48 PM, 30-Dec-2021
ओडिशा में पांच नए ओमिक्रॉन संक्रमित
ओडिशा में गुरुवार को ओमाक्रॉन के पांच नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी।
09:46 PM, 30-Dec-2021
ओमिक्रॉन से गंभीर बीमारी का खतरा नहीं
तमिलनाडु सरकार ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वायरस के ओमीक्रॉन स्वरूप से किसी की जान नहीं गई है या फेफड़ों में गंभीर संक्रमण नहीं हुआ है, लेकिन किसी को भी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने में कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए।
09:46 PM, 30-Dec-2021
भारत में आर वैल्यू 1.22, कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं: सरकार
सरकार ने कहा कि कोविड-19 के प्रसार का संकेत देने वाली आर नॉट वैल्यू (रिप्रोडक्शन वैल्यू) देश में 1.22 है और यह चेतावनी है कि मामले बढ़ रहे हैं कम नहीं हो रहे।
09:43 PM, 30-Dec-2021
गोवा आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की कोरोना जांच की जाएगी
गोवा सरकार ने गैर-उच्च जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों समेत सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की राज्य के एकमात्र हवाई अड्डे पर आगमन के बाद कोविड-19 जांच करने के आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने ट्विटर पर कहा कि कोविड -19 मामलों में वृद्धि के मद्देनजर, राज्य सरकार ने इस संबंध में एक परिपत्र जारी किया है।
09:00 PM, 30-Dec-2021
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन से एक की मौत
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की वजह से देश में पहली मौत का मामला भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ के अस्पताल में भर्ती 52 साल के मरीज की गुरुवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। उसे 28 दिसंबर को यहां भर्ती कराया गया था। मरीज नाइजीरिया से लौटने के बाद ओमिक्रॉन पॉजिटिव पाया गया था।