Karwa Chauth 2025: करवाचौथ पर पत्नी को खुश करने के लिए पति अपनाएं ये छोटे-छोटे सरप्राइज
Karwa Chauth 2025 : चाहे सरगी में मदद करना हो, दिनभर पत्नी को सपोर्ट करना हो या रात को सरप्राइज देना हो पति के छोटे-छोटे जेस्चर रिश्ते में मिठास घोल देते हैं।
विस्तार
Karwachauth 2025: करवाचौथ का व्रत सदियों से सुहागिन महिलाओं का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। इस दिन पत्नियां दिनभर निर्जला व्रत रखकर पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। लेकिन बदलते समय में करवाचौथ केवल पत्नियों का त्योहार नहीं रहा, अब पति भी इस दिन का हिस्सा बनकर रिश्ते की डोर को और मजबूत बना सकते हैं। अगर पति छोटी-छोटी तैयारियों में पत्नी का साथ दें, तो यह दिन और भी खास बन सकता है। करवाचौथ सिर्फ भूखे-प्यासे रहने का नाम नहीं, बल्कि पति-पत्नी के रिश्ते में गहराई और विश्वास बढ़ाने का पर्व है। अगर पति इस दिन पत्नी की भावनाओं को समझते हुए उनकी मदद करें, तो यह त्योहार और भी खास बन सकता है। चाहे सरगी में मदद करना हो, दिनभर पत्नी को सपोर्ट करना हो या रात को सरप्राइज देना हो पति के छोटे-छोटे जेस्चर रिश्ते में मिठास घोल देते हैं।
सरगी की तैयारी में मदद करें
करवाचौथ की शुरुआत सरगी से होती है। अक्सर सास सरगी देती हैं, लेकिन पति भी इसमें मदद कर सकते हैं। पत्नी के लिए फल, मिठाई और ड्राई फ्रूट्स खरीदकर टेबल सजाना या सुबह उठकर चाय-नाश्ते का इंतजाम करना, ये छोटे-छोटे काम पत्नी को बेहद स्पेशल महसूस कराते हैं।
दिनभर सपोर्ट सिस्टम बनें
पत्नी जब पूरे दिन भूखी-प्यासी रहती है, तो पति का दायित्व है कि वे घर के छोटे-छोटे काम खुद संभालें। पत्नी को आराम करने दें, बार-बार उनका हालचाल पूछें और उन्हें पानी पीने या आराम करने के लिए न कहें ताकि उनका आत्मविश्वास बना रहे।
गिफ्ट और सरप्राइज से जताएं प्यार
करवाचौथ पर गिफ्ट का खास महत्व है। पति चाहे तो पत्नी को ज्वेलरी, साड़ी या फिर कोई छोटा-सा पर्सनलाइज्ड गिफ्ट देकर उनका दिन खास बना सकते हैं। कई बार पति द्वारा लिखी गई एक प्यारी सी चिट्ठी या कोई छोटा-सा सरप्राइज भी पत्नी को बेहद भावुक कर देता है।
पूजा की तैयारी में हाथ बंटाएं
करवाचौथ की शाम जब महिलाएं सज-धजकर पूजा करती हैं, तो पति भी थाली सजाने, दीप जलाने और पूजा का माहौल बनाने में सहयोग कर सकते हैं। इससे पत्नी को लगता है कि वह अकेली नहीं बल्कि दोनों मिलकर यह पर्व मना रहे हैं।
चांद के निकलने तक साथ निभाएं
करवाचौथ की रात का सबसे खास पल होता है, जब पत्नी छलनी से पति को देखकर व्रत तोड़ती है। अगर पति इस पल को और रोमांटिक बना दें। जैसे साथ में चांद देखना, कैमरे में तस्वीरें कैद करना या कैंडल लाइट डिनर प्लान करना तो यह दिन हमेशा के लिए यादगार बन सकता है।