क्लीनिंग टिप्स: किचन सिंक से आती है बदबू? इन घरेलू उपायों से पाएं छुटकारा
Kitchen Sink Cleaning Tips: अगर आपके किचन सिंक से भी बदबू आती है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आप सिंक की दुर्गंध को दूर कर किचन को साफ व बदबूमुक्त रख सकते हैं।
विस्तार
Kitchen Sink Smell: किचन सिंक से बदबू आना एक आम समस्या है, खासकर गर्मियों में जब खाने के अवशेष और गंदगी जल्दी सड़ने लगते हैं। इसके अलावा, नमी और नाली में जमी गंदगी भी दुर्गंध का कारण बन सकती है। सिंक से आने वाली बदबू किचन के माहौल को असहज बना देती है। ऐसे में नियमित सफाई और सही देखभाल बेहद जरूरी है।
अक्सर लोग समझ नहीं पाते कि बर्तन धोने के बाद भी सिंक से गंदी बदबू क्यों आ रही है। रसोई के सिंक से दुर्गंध आने के पीछे कई छोटी-मोटी लापरवाही और नाली से जुड़ी वजहें हो सकती हैं, जिन्हें आसानी से दूर किया जा सकता है। कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आप किचन सिंक की दुर्गंध को कम कर सकते हैं और किचन को साफ-सुथरा रख सकते हैं। अगर आपके घर के किचन सिंक से भी बदबू आती है, तो आइए जानते हैं कुछ आसान घरेलू उपाय,जिन्हें अपनाकर इस समस्या से राहत पाई जा सकती है।
बेकिंग सोडा और सिरका
एक कप बेकिंग सोडा सिंक में डालें। उसके ऊपर आधा कप सफेद सिरका डालकर कुछ देर झाग उठने दें और फिर गर्म पानी से धो लें। यह उपाय किचन सिंक की बदबू और जमी गंदगी दोनों को दूर करता है।
गर्म पानी से नियमित सफाई
किचन सिंक की नियमित सफाई करनी चाहिए। दिन में एक बार सिंक में उबालता हुआ पानी डालें। यह जमा हुआ तेल, गंदगी और बैक्टीरिया को साफ कर देता है। गर्म पानी में थोड़ा नमक मिलाकर डालने से भी सफाई और बेहतर हो सकती है।
दालचीनी पाउडर
किचन सिंक की नाली के पास एक चम्मच पिसा हुआ दालचीनी पाउडर छिड़कने से भी वहां लंबे समय तक अच्छी खुशबू बनी रहती है।
नींबू और नमक
एक नींबू काटकर उसमें थोड़ा नमक लगाएं। अब कटे हुए नींबू से किचन सिंक और आसपास के हिस्से को रगड़ें। नींबू और नमक मिलकर सिंक की बदबू को दूर कर देते हैं, साथ ही अच्छी खुशबू भी आने लगती है।
बर्फ और नींबू के टुकड़े
किचन सिंक में कुछ बर्फ के टुकड़े और नींबू के छिलके डालें। फिर नल तेजी से चला दें, इससे पाइप के अंदर की गंदगी भी हटेगी और ताजगी बनी रहेगी। बर्फ से पाइप ठंडा रहता है और बदबू कम होती है।
जाली भी साफ करें
केवल किचन सिंक ही नहीं, बल्कि सिंक की जाली और पाइप भी अच्छे से साफ करें क्योंकि इसमें गंदगी जमकर सड़ती रहती है। इस कारण बदबू आती है। इसके लिए हर हफ्ते जाली को निकालकर अच्छे से स्क्रब करें और गर्म पानी से धोएं। इसके लिए आप डिशवॉशिंग लिक्विड या सिरके का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।