अब घरेलू नौकरों के लिए सरकार की खास सौगात, वेतन और छुट्टी पर बड़ा फैसला
केंद्र सरकार जल्द ही घरेलू नौकरों के लिए राष्ट्रीय नीति का तोहफा दे सकती है। इसके तहत कुशल घरेलू नौकरों को काम पर रखने वालों को कम से कम नौ हजार रुपये महीने वेतन देना पड़ सकता है।
साथ ही वेतन में बिना कटौती किए एक साल में 15 दिन का अवकाश और मातृत्व छुट्टी देनी होगी। राजग सरकार घरेलू कामगारों के हितों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय नीति तैयार कर रही है।
इसके तहत घरेलू नौकरों के लिए वेतन एवं अवकाश के अलावा सामाजिक सुरक्षा कवर, यौन उत्पीड़न एवं बंधुआ मजदूरी के खिलाफ प्रावधान किया जा रहा है।
घरेलू कामगारों के लिए राष्ट्रीय नीति
केंद्रीय कैबिनेट के समक्ष जल्द ही ‘घरेलू कामगारों के लिए राष्ट्रीय
नीति’ पेश होने की संभावना है। अब सामाजिक सुरक्षा नीति के तहत घरेलू
नौकरों को शिक्षा जारी रखने, काम करने के सुरक्षित वातावरण और शिकायतों के
निवारण के लिए तंत्र का अधिकार मिल सकेगा।
इसके अलावा घरेलू नौकरों और उनको
काम में रखने वालों को समूह बनाने और एक-दूसरे के साथ सामूहिक सौदेबाजी का
भी अधिकारी होगा।
इस संबंध में पिछले हफ्ते महानिदेशक श्रम कल्याण ने
मसौदा तैयार करके श्रम मंत्री बंडारू दत्तात्रेय को सौंप दिया है।
दत्तात्रेय ने कहा कि घरेलू कामगारों के लिए नई नीति अंतरराष्ट्रीय श्रम
संगठनों के मानकों के अनुकूल है
2007 से बन रही है नई नीति
घरेलू नौकरों के लिए नई नीति 2007 से बन रही है। इसे दो बार 2013 और 2014 में कैबिनेट के पास भेजा गया था।
हालांकि बाद में अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के तहत इसे मंत्रियों के समूह के पास भेजे जाने की चूक की गई, जिसके चलते यह लटक गया था।
