Tamil Nadu: मेगा रोजगार मेले में मिल रहीं 73 हजार से अधिक नौकरियां, परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोग्राम लॉन्च
Mega Employment Fair: सरकार की ओर से आयोजित किए गए रोजगार मेले में दिग्गज कंपनियों की ओर से सीधी भर्ती के तहत 73,000 से अधिक नौकरियां ऑफर की जा रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबर है। सूबे में 73 हजार से अधिक सरकारी और गैर-सरकारी नौकरियों का पिटारा खुल गया है। सरकार की ओर से आयोजित किए गए रोजगार मेले में दिग्गज कंपनियों की ओर से सीधी भर्ती के तहत 73,000 से अधिक नौकरियां ऑफर की जा रही हैं। विशेष तौर पर, यह अवसर तमिलनाडु के युवाओं के लिए है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार को चेन्नई में एक विशाल रोजगार मेले का उद्घाटन किया। इसमें 500 से अधिक प्रमुख कंपनियां शिरकत कर रही हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए टीवी प्रोग्राम लॉन्च
इस अवसर पर स्टालिन ने सरकार द्वारा संचालित कल्वी टीवी में एक टेलीविजन कार्यक्रम भी शुरू किया, जो प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवारों को प्रशिक्षण प्रदान करेगा। कार्यालय की ओर से बताया गया है कि राज्य के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री टीएम अनबरसन, श्रम कल्याण और कौशल विकास विभाग के मंत्री सीवी गणेशन और कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी आयोजन में भाग लिया।
सीएम ने 20 उम्मीदवारों को सौंपे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई, आधिकारिक जानकारी में बताया गया है कि सीएम स्टालिन ने शहर के पास श्रम कल्याण और कौशल विकास विभाग द्वारा आयोजित अभियान की शुरुआत के तहत 20 उम्मीदवारों को नौकरी की पेशकश की है। नौकरी के इच्छुक शहर और पड़ोसी जिलों- चेंगलपेट, कांचीपुरम और तिरुवल्लुर के युवाओं ने भी इस विशाल रोजगार मेले में भाग लिया। इसमें भाग ले रहीं 500 से अधिक कंपनियों में अधिकांश निजी क्षेत्र की कंपनियां हैं।
कंपनियों ने 73,950 रिक्तियों की घोषणा की
जानकारी के अनुसार इस रोजगार मेले के माध्यम से कंपनियों ने 73,950 रिक्तियों की घोषणा की है। शुभारंभ मौके पर मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रथम 20 उम्मीदवारों को नौकरी मिलने पर नियुक्ति आदेश सौंपे थे। कार्यालय ने बताया कि वित्त वर्ष में 36 मेगा जॉब फेयर आयोजित किए गए हैं, जिनमें मई 2021 के बाद से 41,213 उम्मीदवारों को चयनित कर नौकरी के ऑफर दिए गए थे। रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक दिव्यांगजनों की सेवा के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के सहयोग से विशेष व्यवस्था की गई है।