यूपी लेखपाल भर्ती: दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया शुरू, 29 सितंबर तक मौका, किन बातों का रखें ध्यान?
UP Lekhpal: यूपीएसएसएससी ने लेखपाल भर्ती के दस्तावेज अपलोड की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित उम्मीदवार 15 से 29 सितंबर 2026 तक जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद कोई मौका नहीं मिलेगा। दस्तावेज अपलोड से जुड़ी जरूरी जानकारी नीचे पढ़ें...
विस्तार
UP Lekhpal: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने विज्ञापन संख्या 02-परीक्षा/2025 के तहत लेखपाल भर्ती के लिए दस्तावेज अपलोड की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने इसके लिए 15 सितंबर 2026 को नोटिस जारी किया है। यह प्रक्रिया मुख्य परीक्षा के बाद दस्तावेज सत्यापन के लिए पात्र सूची में शामिल उम्मीदवारों के लिए है।
इस भर्ती के तहत राजस्व परिषद, लखनऊ में लेखपाल के 7,994 पद हैं। मुख्य परीक्षा 21 मई 2026 को आयोजित हुई थी। दस्तावेज सत्यापन के लिए पात्र उम्मीदवारों का परिणाम 11 सितंबर 2026 को घोषित किया गया था।
29 सितंबर तक दस्तावेज अपलोड करने का मौका
- उम्मीदवार 15 सितंबर से 29 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं।
- इसके लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाना होगा।
- लॉगिन के लिए उम्मीदवार को अपना पंजीकरण नंबर और पंजीकृत मोबाइल नंबर या ईमेल पर प्राप्त ओटीपी इस्तेमाल करना होगा।
- उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम समय का इंतजार न करें।
- आखिरी समय में इंटरनेट या सर्वर से जुड़ी तकनीकी समस्या होने पर परेशानी हो सकती है।
कौन-कौन से दस्तावेज अपलोड करने होंगे?
उम्मीदवारों को अपनी पात्रता से जुड़े मूल प्रमाणपत्रों और अंकपत्रों की स्पष्ट स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। दस्तावेजों के लिए दिए गए तकनीकी विवरण इस प्रकार हैं:
| दस्तावेज | प्रारूप | आकार | जरूरी शर्त |
|---|---|---|---|
| फोटो | JPG/JPEG | 50 से 100 KB | रंगीन फोटो, चेहरे का करीब 75 फीसदी हिस्सा दिखाई दे |
| दस्तावेज | 200 KB से 2 MB | मूल प्रमाणपत्र और अंकपत्र की स्पष्ट स्कैन कॉपी |
यदि किसी योग्यता, जैसे हाईस्कूल या इंटरमीडिएट, का अंकपत्र और प्रमाणपत्र अलग-अलग हैं, तो दोनों को एक ही बहुपृष्ठीय पीडीएफ में स्कैन करके संबंधित योग्यता के लिए अपलोड करना होगा।
फोटो में सफेद या हल्के भूरे रंग की पृष्ठभूमि होनी चाहिए। फोटो में छाया, जानवर या कोई दूसरा व्यक्ति नहीं होना चाहिए। चश्मा पहनने वाले उम्मीदवारों की आंखें साफ दिखाई देनी चाहिए और शीशे पर चमक या प्रतिबिंब नहीं होना चाहिए।
आवेदन की जानकारी और प्रमाणपत्र में अंतर है तो क्या करें?
- उम्मीदवारों को यह जांचना होगा कि शुरुआती आवेदन में दी गई जानकारी उनके प्रमाणपत्रों में दर्ज जानकारी से मेल खाती है या नहीं।
- इसमें नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि और श्रेणी जैसी जानकारी शामिल है।
- यदि किसी जानकारी में अंतर मिलता है, तो उम्मीदवार को इसका स्पष्ट और संतोषजनक स्पष्टीकरण पीडीएफ के रूप में अपलोड करना होगा।
- इस स्पष्टीकरण को स्वीकार किया जाएगा या नहीं, इस पर आयोग का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होगा।
दस्तावेज अपलोड करने के बाद बदलाव कर सकेंगे
- पोर्टल पर उम्मीदवार अपने अपलोड किए गए दस्तावेजों को देख सकेंगे।
- दस्तावेज अपलोड करने की अवधि के दौरान जरूरत पड़ने पर उनमें बदलाव भी किया जा सकेगा।
- अंतिम सबमिशन से पहले सभी दस्तावेजों और उनकी सही श्रेणी में अपलोड होने की जांच कर लेना जरूरी है।
डाक या ईमेल से भेजे दस्तावेज स्वीकार नहीं होंगे
आयोग ने दस्तावेज जमा करने के लिए केवल आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल का इस्तेमाल करने को कहा है। डाक, ईमेल या व्यक्तिगत रूप से भेजे गए दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उम्मीदवार अपने अपलोड किए गए दस्तावेजों की प्रामाणिकता के लिए खुद जिम्मेदार होंगे। किसी भी स्तर पर गलत, फर्जी या भ्रामक जानकारी मिलने पर कार्रवाई की जा सकती है।
आयोग या नियुक्ति प्राधिकारी जरूरत पड़ने पर उम्मीदवार से मूल दस्तावेज भी मांग सकता है। मूल दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
दस्तावेज अपलोड करना नियुक्ति की गारंटी नहीं
दस्तावेज सत्यापन की यह प्रक्रिया पूरी करना अंतिम चयन या नियुक्ति की गारंटी नहीं है। दस्तावेज अपलोड की प्रक्रिया में शामिल होना अपने आप में नियुक्ति का अधिकार नहीं देता। आयोग के निर्देशों का पालन नहीं करने पर उम्मीदवारी खारिज की जा सकती है।
अंतिम सबमिशन के बाद प्रिंट फॉर्म जरूर निकालें
- दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उम्मीदवारों को अंतिम सबमिशन करना होगा।
- इसके लिए पहले घोषणा को ध्यान से पढ़कर स्वीकार करें।
- इसके बाद कैप्चा/सत्यापन कोड दर्ज करें।
- इसके बाद ‘SUBMIT’ बटन पर क्लिक करें।
- प्रक्रिया तब पूरी मानी जाएगी, जब स्क्रीन पर ‘Print Form’ का विकल्प दिखाई दे।
- उम्मीदवारों को अंतिम फॉर्म डाउनलोड करके उसकी प्रिंटेड प्रति सुरक्षित रखनी चाहिए।
29 सितंबर के बाद नहीं मिलेगा कोई मौका
- आयोग के अनुसार दस्तावेज अपलोड या संशोधन की निर्धारित अवधि खत्म होने के बाद कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।
- तकनीकी परेशानी, व्यक्तिगत आपात स्थिति या इंटरनेट की समस्या के आधार पर भी समयसीमा बढ़ाने या बाद में दस्तावेज जमा करने का अवसर नहीं मिलेगा।
- दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग लेखपाल भर्ती का अंतिम परिणाम तैयार कर घोषित करेगा।