UPSC ESE 2025: यूपीएससी इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा स्थगित! नोट करें प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा की नई तिथियां
UPSC ESE 2025 Exam Dates: यूपीएससी ने इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा-2025 को स्थगित कर दिया है। यह निर्णय भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा के अधिकारियों की भर्ती योजना में बदलाव के बाद लिया गया है। परीक्षा के लिए तैयारी कर रहे उम्मीदवार नीचे नई तारीख जान सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UPSC ESE 2025 Postponed: यूपीएससी ने इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा-2025 को स्थगित कर दिया है। भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा के अधिकारियों की भर्ती के लिए योजना में बदलाव के बाद यह फैसला लिया गया है, ताकि उम्मीदवारों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। दरअसल, यह स्थगन सरकार द्वारा यह निर्णय लिए जाने के बाद किया गया कि आईआरएमएस में सिविल सेवा परीक्षा और ईएसई, दोनों के माध्यम से भर्ती की जाएगी।
UPSC ESE 2025 New Dates: नोट करें नई तिथियां
संघ लोक सेवा आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ईएसई 2025 के उम्मीदवारों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने के लिए आयोग ने ईएसई (प्रारंभिक) और ईएसई (मुख्य) परीक्षा, 2025 को स्थगित करने का फैसला किया है। जारी नोटिस के अनुसार, यूपीएससी ईएसई प्रारंभिक परीक्षा 8 जून, 2025 को और मुख्य परीक्षा 10 अगस्त, 2025 को आयोजित की जाएगी।
| परीक्षा | संशोधित तिथियां |
| यूपीएससी ईएसई प्रारंभिक परीक्षा | 08 जून, 2025 |
| यूपीएससी ईएसई मुख्य परीक्षा | 10 अगस्त, 2025 |
फरवरी में होनी थी प्रारंभिक परीक्षा
इस बीच, सरकार ने फैसला किया है कि आईआरएमएस में भर्ती सिविल सेवा परीक्षा (यातायात, लेखा और कार्मिक उप-संवर्गों के लिए) और ईएसई (सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सिग्नल और दूरसंचार और स्टोर उप-संवर्गों के लिए) दोनों के माध्यम से की जाएगी। रेल मंत्रालय ने 9 अक्टूबर, 2024 को भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (संशोधन) नियम, 2024 को भी अधिसूचित किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2019 में रेलवे की आठ ग्रुप ए सेवाओं को एक केंद्रीय सेवा- आईआरएमएस में एकीकृत करने को मंजूरी दी थी। ये आठ सेवाएं निम्नलिखित थीं:
- भारतीय रेलवे यातायात सेवा
- भारतीय रेलवे लेखा सेवा
- भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा
- भारतीय रेलवे इंजीनियर सेवा
- भारतीय रेलवे स्टोर सेवा
- भारतीय रेलवे मैकेनिकल इंजीनियर सेवा
- भारतीय रेलवे इलेक्ट्रिकल इंजीनियर सेवा
- भारतीय रेलवे सिग्नल इंजीनियर सेवा
ईएसई के माध्यम से होगा इन सेवाओं के लिए चयन
यूपीएससी के अनुसार, आईआरएमएस (सिविल), आईआरएमएस (स्टोर), आईआरएमएस (मैकेनिकल), आईआरएमएस (इलेक्ट्रिकल) और आईआरएमएस (सिग्नल और दूरसंचार) के लिए अधिकारियों का चयन ईएसई 2025 के माध्यम से किया जाएगा।
बयान में कहा गया है कि ईएसई-2025 में आईआरएमएस को शामिल करने के सरकार के फैसले को ध्यान में रखते हुए, 9 अक्तूबर, 2024 से सुधार विंडो खोलने पर रोक लगा दी गई है। आयोग ने 18 अक्तूबर से 22 नवंबर तक एक नई आवेदन विंडो खोल दी है। वहीं, मूल आवेदन विंडो के दौरान आवेदन करने वाले उम्मीदवार इस समय सीमा के दौरान अपने आवेदन में बदलाव कर सकते हैं।
इसके बाद, सभी आवेदकों को 23 नवंबर से 29 नवंबर तक सात दिनों की सुधार/संपादन विंडो प्रदान की जाएगी, जिसके दौरान वे अपने विवरण को संशोधित/संपादित कर सकेंगे। जिन उम्मीदवारों ने 18 सितंबर से 8 अक्तूबर तक आवेदन विंडो के दौरान पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।