यूपीएससी: सीएपीएफ सहायक कमांडेंट 2026 परीक्षा का परिणाम जारी, 1600 से अधिक अभ्यर्थी सफल, अब आगे क्या?
यूपीएससी ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सहायक कमांडेंट परीक्षा 2026 की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। सफल उम्मीदवारों के लिए अब अगला चरण महत्वपूर्ण है। उन्हें 15 दिन के भीतर विस्तृत आवेदन पत्र भरना होगा, वरना उम्मीदवारी रद्द हो सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संघ लोक सेवा आयोग ने 25 अगस्त 2026 को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सहायक कमांडेंट लिखित परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। लिखित परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की गई थी।
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवार अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे। हालांकि, केवल परिणाम में रोल नंबर आ जाना अंतिम चयन की गारंटी नहीं है। उम्मीदवारों की उम्मीदवारी उनकी पात्रता और आरक्षण से जुड़े दावों के अंतिम सत्यापन के अधीन रहेगी।
परिणाम के बाद 15 दिन में क्या करना होगा?
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को 15 दिनों के भीतर विस्तृत आवेदन पत्र (डीएएफ) भरना और जरूरी जानकारी अपडेट करनी होगी। यह प्रक्रिया अनिवार्य है।
यदि उम्मीदवार निर्धारित समय में डीएएफ जमा नहीं करता है, तो उसकी उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। आयोग की ओर से देर से जमा किए गए आवेदन या इस संबंध में अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे। डीएएफ भरने के लिए उम्मीदवारों को आयोग के ऑनलाइन पोर्टल upsconline.nic.in पर जाना होगा।
डीएएफ में कौन-कौन सी जानकारी देनी होगी?
डीएएफ भरते समय उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी के साथ कई जरूरी दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। मुख्य रूप से इन जानकारियों को पूरा करना होगा:
- शैक्षणिक योग्यता और परीक्षा में शामिल होने या उत्तीर्ण होने की स्थिति
- रोजगार, सेवा और पेशेवर अनुभव से जुड़ी जानकारी
- उपलब्धियां और अन्य व्यक्तिगत विवरण
- पहले की परीक्षाओं से जुड़ी जानकारी
- किसी परीक्षा से प्रतिबंधित किए जाने की जानकारी
- इस भर्ती में बलों की प्राथमिकता
- पिछली सीएपीएफ परीक्षा में आवंटित सेवा का विवरण, यदि लागू हो
- सामाजिक-आर्थिक जानकारी
- अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से जुड़े परिशिष्ट
- वैवाहिक स्थिति
- माता-पिता की जानकारी
- स्थायी और पत्राचार का पता
इसके अलावा संबंधित प्रमाणपत्रों की स्कैन की गई पीडीएफ प्रतियां भी अपलोड करनी होंगी। केवल ऑनलाइन फॉर्म में जानकारी अपडेट कर देना पर्याप्त नहीं होगा।
अगर पहले दी गई जानकारी में कोई बदलाव नहीं है तो क्या करें?
यह बात उम्मीदवारों के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण है। अगर सामान्य आवेदन पत्र में दी गई जानकारी में कोई बदलाव नहीं हुआ है, तब भी उम्मीदवारों को डीएएफ में लॉगिन करके उसे अंतिम रूप से जमा करना जरूरी है। यानी जानकारी में बदलाव न होने का मतलब यह नहीं है कि डीएएफ भरने की जरूरत नहीं है।
डीएएफ जमा करना ही यह पुष्टि करता है कि उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया में आगे शामिल होना चाहता है। इसी प्रक्रिया के आधार पर आगे शारीरिक मानक परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार किए जाएंगे।
कौन से दस्तावेज तैयार रखने चाहिए?
- आयु प्रमाण के लिए 10वीं या समकक्ष प्रमाणपत्र
- डिग्री या अस्थायी डिग्री प्रमाणपत्र
- अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाणपत्र
- आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का प्रमाणपत्र
- पूर्व सैनिक होने का प्रमाणपत्र या सेवा-मुक्ति से जुड़े दस्तावेज
उम्मीदवारों को डीएएफ भरने से पहले इन दस्तावेजों की जांच कर लेनी चाहिए, ताकि बाद में सत्यापन के दौरान परेशानी न हो।
शारीरिक परीक्षा किसके जिम्मे होगी?
डीएएफ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भर्ती का शारीरिक चरण शुरू होगा। वर्ष 2026 की प्रक्रिया में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को शारीरिक मानक परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए नोडल प्राधिकरण बनाया गया है।
एसएसबी परीक्षा केंद्र, तारीख और शारीरिक परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को संभालेगा। उम्मीदवारों को एसएसबी के भर्ती पोर्टल recruitment.ssb.gov.in और अपने पंजीकृत ईमेल पर लगातार नजर रखनी होगी।
ईमेल में आने वाली सूचना स्पैम या जंक फोल्डर में भी जा सकती है। इसलिए उम्मीदवारों को इन फोल्डरों को भी नियमित रूप से जांचना चाहिए।