यूपीएससी 2021 : ऐसे करें तैयारी, आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है आईपीएस अधिकारी की यह नीति
- ग्यारहवीं कक्षा की एनसीईआरटी से ही पढ़े भारतीय और विश्व भूगोल
- पॉलिटी और अर्थशास्त्र विषय से करें अपनी तैयारी की शुरुआत
- सेल्फ स्टडी के माध्यम से पूरा करें अपना पाठ्यक्रम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी के लिए कम से कम किताबों का इस्तेमाल करें और ज्यादा-से-ज्यादा बार पढ़े। सफलता का यह मंत्र यूपीएससी सिविल सेवा 2018 की परीक्षा में 316वीं रैंक हासिल कर दिल्ली पुलिस में एसीपी पद पर कार्यरत आईपीएस लक्ष्य पांडेय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। उन्होंने अपना स्टडी मटेरियल, परीक्षा की रणनीति और प्रमुख युक्तियाें की सूची साझा की है। अगर आप भी यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं तो यह युक्तियां आपके लिए मददगार साबित हो सकती हैं। पढ़िए…
किन किताबों से करें यूपीएससी परीक्षा की तैयारी
भारतीय और विश्व भूगोल की तैयारी ग्यारहवीं कक्षा की एनसीईआरटी से करें। मानव और भौतिक भूगोल के लिए गोह चेंग लेओंग की किताब खरीदें। वहीं राजनीति के लिए लक्ष्मीकांत, पर्यावरण के लिए शंकर आईएएस के नोट्स, आधुनिक इतिहास के लिए राजीव अहीर द्वारा स्पेक्ट्रम और अर्थशास्त्र के लिए श्री राम आईएएस के नोट्स व बारहवीं कक्षा की एनसीईआरटी से भारतीय अर्थशास्त्र की तैयारी करें। बता दें पर्यावरण, विज्ञान व प्रौद्योगिकी, अंतरराष्ट्रीय संबंध और अर्थशास्त्र के ज्यादातर सवाल सामयिकी से पूछे जाते हैं।
ऐसे करें अपने दिन की शुरुआत
रोजाना अपने दिन की शुरुआत न्यूजपेपर से करें। प्रतिदिन 45 से 60 मिनट तक अखबार पढ़ें। पहले-पहले 4-5 घंटे का समय अपनी पढ़ाई को दें। उसके बाद धीरे-धीरे पढ़ने का समय बढ़ाकर 8-9 करें। अपने आपको सब चीजों से अलग करने की जरूरत नहीं है। पढ़ाई के बाद दौड़ने, दोस्तों व परिवार वालों के साथ घूमने जाइए। सब कीजिए लेकिन टाइम-टेबल के हिसाब से।
भूगोल, अर्थशास्त्र की तैयारी के लिए दें इतना समय
अपनी तैयारी की शुरुआत पॉलिटी और अर्थशास्त्र विषय से कीजिए। पहले 15 दिन केवल किताब पढ़िए, विस्तार में जाने की जरूरत नहीं है। आपने जो भी पढ़ा है उसको अगले दिन 20-30 मिनट में दोहराईए। 15 दिन किताब पढ़ने के बाद एक दिन रिविजन कीजिए और फिर प्रीलिम्स पॉलिटी विषय का पेपर दीजिए। इसके बाद 2-2.5 महीने का समय आधुनिक इतिहास व भूगोल और 1.5 महीने का समय पर्यावरण व विज्ञान को दीजिए।
तैयारी के दौरान क्या नहीं करें?
यूपीएससी की तैयारी के लिए सीधे कोचिंग न जॉइन करें। सबसे पहले सेल्फ स्टडी के माध्यम से पूरा पाठ्यक्रम पढ़िए, उसके बाद जरूरत लगने पर कोचिंग सेंटर जाएं। एक ही विषय के लिए बहुत सारी किताबें न पढ़ें। एक घंटे से ज्यादा का समय अखबार पढ़ने में न बिताएं।