छावनी में शिक्षकों की भर्ती, 12वीं पास को भी मौका
कैंटोनमेंट बोर्ड देवलाली, नासिक में विभिन्न विषयों के सहायक अध्यापकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। इन पदों के लिए योग्य भारतीय नागरिकों से आवेदनपत्र मंगाए गए हैं।
विज्ञापित पदों की कुल संख्या 40 है, जिसमें असिस्टेंट टीचर के 27 पद, ड्रॉइंग टीचर के 01 पद, प्री-प्राइमरी टीचर के 08 पद, और कम्प्यूटर इंस्ट्रक्टर के 04 पद शामिल हैं। विज्ञापित पदों को भरने की शैक्षिक योग्यता पदों के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है।
जिसमें स्नातक व बीएड तथा कुछ पदों के लिए 12वीं व शिक्षा क्षेत्र से संबंधित डिप्लोमा भी शामिल है। कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के लिए स्नातक तथा एमएस-सीआईटी कंप्यूटर डिप्लोमा शैक्षिक योग्यता रखी गई है। विज्ञापित पदों पर आवेदकों से पदों के अनुसार अनुभव की मांग की गई है।
ऐसे करें आवदेन
विज्ञापित पदों पर आवेदन ऑफलाइन स्वीकार किए जाएंगें। आवेदक निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र को पूर्ण रूप से भरकर व साथ में संबंधित शैक्षिक, अनुभव व अन्य जरूरी दस्तावेजों की प्रतियों को संलग्न करके 'चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, ऑफिस ऑफ कैंटोनमेंट बोर्ड, कनॉट रोड, देवलाली कैंट (नासिक), पिन-422401' के पते पर भेजें।
आवेदन पत्र पहुंचने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल, 2015 निर्धारित की गई है। विज्ञापित पदों पर आवेदकों का चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।
अंतिम चयन मेरिट के अनुसार किया जाएगा। आवेदनपत्र प्राप्त करने के लिए व अन्य किसी जानकारी के लिए आवेदक संबंधित वेबसाइट www.cbdeolali.org.in पर लॉग ऑन करें।