कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की 2018 में आयोजित सीजीएल भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है। एसएससी की ओर से कंबाइड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) भर्ती परीक्षा-2018 का बहुप्रतीक्षित अंतिम परिणाम 01 अप्रैल, 2021 को जारी कर दिया गया है। जिन परीक्षार्थियों ने यह परीक्षा दी थी, वे अपने रिजल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.nic.in पर जाकर देख सकते हैं।
कुल 11,105 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई इस परीक्षा के जरिये अंतिम तौर पर 11,103 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। एसएससी ने बताया कि 48 अभ्यर्थियों को टियर-3 में सफल होने के बाद भी अंतिम चयन में शामिल नहीं किया गया है। इन अभ्यर्थियों में से कुछ ने अपनी उत्तर पुस्तिका पर हस्ताक्षर नहीं किया था तो कुछ रोल नंबर गलत पाए हैं। जबकि आठ अभ्यर्थियों का परिणाम अनुचित साधन के उपयोग की शंका के चलते रोक दिया गया है।
आयोग की ओर से बताया गया कि सफल अभ्यर्थियों के अंक 16 अप्रैल तक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। अभ्यर्थी 16 से 30 अप्रैल, 2021 के बीच अपने अंक देख सकते हैं। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए अंतिम चयन सूची का आधिकारिक लिंक इस खबर में आगे दिया गया है।
2 of 4
स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (एसएससी) रिजल्ट
- फोटो : Amar Ujala
एसएससी की ओर से घोषित अंतिम परिणाम में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर, जूनियर स्टैटिकल ऑफिसर, इंस्पेक्टर सेंट्रल एक्साइज सहित कई पदों के लिए अभ्यर्थियों को चुना गया है। अनारक्षित कोटे से 5703, ओबीसी से 2865, एससी के 1690, एसटी से 845 कुल मिलाकर 11,103 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। बता दें कि एसएससी सीजीएल भर्ती 2018 के टियर-1 परीक्षा का आयोजन चार जून से नौ जून, 2019 के बीच किया गया था। इसमें सफल रहे अभ्यर्थियों ने सितंबर2019 में आयोजित टियर-II परीक्षा फिर दिसंबर 2019 में आयोजित टियर-III परीक्षा में भाग लिया था। इसके नतीजे 30 सितंबर, 2020 को जारी किए गए थे।
गौरतलब है कि कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा CGL (कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल) की परीक्षा के माध्यम से भारत सरकार के विभिन्न विभागों में ग्रुप-बी व ग्रुप-सी के पदों पर भर्ती की जाती है। ग्रेजुएट या ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होने की पात्रता रखते हैं। एसएससी सीजीएल के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु 18-32 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं दिव्यांग/विकलांग, एससी/एसटी और महिलाओं के लिए उम्र में विशेष छूट का प्रावधान रहता है।
अंतिम चयन सूची का आधिकारिक लिंक : List of Selected Candidates
कर्मचारी चयन आयोग सीजीएल की परीक्षा चार चरणों में आयोजित करता है। जिसमें पहले और दूसरे चरण की परीक्षा बहुविकल्पीय प्रणाली से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट यानी सीबीटी परीक्षाएं होती हैं। वहीं, तीसरे चरण की परीक्षा पैन और पेपर के जरिये लिखित होती है। चौथे चरण में उम्मीदवारों की डाटा एंट्री स्पीड का टेस्ट होता है और फिर सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की प्रमाणिकता जांची जाती है।
ऐसे देखें SSC CGL का फाइनल रिजल्ट
- कर्मचारी चयन आयोग का आधिकारिक वेबसाइट ssc.nic.in पर जाएं।
- SSC CGL Final Result 2018 लिखे हुए लिंक पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर पीडीएफ फाइल खुलने के बाद उसमें अपने जन्मतिथि को सर्च करें।