RPSC: आयोग ने जारी की सहायक खनि अभियंता समेत कई भर्तियों की विचारित सूची, चयनितों को भरना होगा डीएएफ फॉर्म
RPSC: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सहायक खनि अभियंता (खान एवं भूविज्ञान विभाग) तथा वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी- साइबर फॉरेंसिक डिवीजन एवं डीएनए डिवीजन प्रतियोगी परीक्षा-2024 के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। विस्तृत विवरण नीचे पढ़ें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
RPSC: राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक खनि अभियंता (खान एवं भूविज्ञान विभाग) तथा वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी- साइबर फॉरेंसिक डिवीजन एवं डीएनए डिवीजन प्रतियोगी परीक्षा-2024 के अंतर्गत विचारित सूचियां जारी की गई है।
इतने अभ्यर्थी चयनित
सहायक खनि अभियंता के पदों हेतु 78, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी- साइबर फॉरेंसिक डिवीजन के पदों हेतु 15 एवं डीएनए डिवीजन के पदों हेतु 24 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच लिए अस्थाई रूप से विचारित सूची में सम्मिलित किया गया है। विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आयोग सचिव ने बताया कि विचारित सूचियां चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता सुनिश्चित करने के क्रम में केवल दस्तावेज सत्यापन के उद्देश्य से है। यह चयन सूची अथवा वरीयता सूची नहीं है। अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों की सूची संबंधित विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन कराए जाने के पश्चात आयोग द्वारा जारी की जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को भरने होंगे विस्तृत आवेदन-पत्र
विचारित सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन-पत्र ऑनलाइन भरने होंगे। वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी- साइबर फॉरेंसिक डिवीजन एवं डीएनए डिवीजन के अभ्यर्थियों हेतु विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरने का लिंक 6 से 12 अगस्त 2025 (रात्रि 11.59) तथा सहायक खनि अभियंता की विचारित सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों हेतु विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरने का लिंक 7 से 13 अगस्त 2025 (रात्रि 11.59)तक खोला जाएगा।
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन तथा दस्तावेज सत्यापन के संबंध में आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना भी आवश्यक रूप से सुनिश्चित करनी होगी।
संबंधित विभाग द्वारा की जाएगी विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच
विचारित सूची में अस्थाई रूप से सम्मिलित किए गए सभी अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि वे अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर माय रिक्रूटमेंट-डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी- अप्लाई नाउ का चयन कर अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरें। विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच संबंधित विभाग द्वारा ही की जायेगी।
अतः ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने व सबमिट करने के उपरांत प्रिंट ऑप्शन पर जाकर सम्पूर्ण विस्तृत आवेदन पत्र को 02 प्रतियों में प्रिंट कर अपने पास संभाल कर रखें। उम्मीदवारों को संबंधित विभाग की सूचना के अनुसार निर्धारित दिनांक, समय व स्थान पर विस्तृत आवेदन-पत्र (दो प्रतियों में) मय समस्त मूल दस्तावेजों व स्वयं सत्यापित प्रतियों सहित उपस्थित होना होगा।
इस हेतु संबंधित विभाग द्वारा ही उचित माध्यम से अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन हेतु सूचित कराने की कार्यवाही संपादित की जायेगी एवं राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा अलग से कोई सूचना अभ्यर्थियों को प्रेषित नहीं की जायेगी। विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन हेतु निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं होने पर अभ्यर्थी को अपात्र मानते हुए परिणाम में विचारित नहीं किया जायेगा।
संबंधित विभाग से दस्तावेज जांच/सत्यापन उपरांत, पात्र अभ्यर्थियों की सूची विभाग द्वारा आयोग को भेजी जाएगी, जिसके उपरांत आयोग द्वारा परिणाम जारी कर चयनित अभ्यर्थियों के नाम नियुक्ति हेतु संबंधित विभाग को अभिस्तावित किए जायेंगे। अभ्यर्थियों की पात्रता जांच विज्ञापन की शर्तों व नियमों के अनुसार की जाएगी। पात्रता की समस्त शर्तें नियमानुसार पूर्ण नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की पात्रता रद्द कर दी जाएगी।