ट्रैफिक कांस्टेबल के सैकड़ों पदों पर भर्ती
ओडिशा कर्मचारी चयन आयोग ने ट्रैफिक कांस्टेबलों के रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी की है। इन पदों पर योग्य भारतीय उम्मीदवारों से आवेदन मंगाए गए हैं। कुल विज्ञापित 122 रिक्तियों में एससी के लिए 20 पद, एसटी के लिए 27 पद, एसईबीसी के लिए 14 पद आरक्षित हैं। आयु सीमा के तहत इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष है तथा अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष है। महिलाओं, ओबीसी, एससी और एसटी आदि आरक्षित वर्ग को ऊपरी आयु सीमा में 5 वर्षों की छूट प्रदान की गई है।
वेतनमान के तौर पर इन पदों पर चयनित उम्मीदवार को 5200 - 20200 रुपये तथा 1900 रुपये ग्रेड पे दिया जाएगा। आवेदन शुल्क के तौर पर सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को 100 रुपये निर्धारित प्रक्रिया से जमा करना होगा। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार को आवेदन शुल्क से मुक्त रखा गया है।
शैक्षिक योग्यता एवं आवेदन की प्रक्रिया
शैक्षिक योग्यता के तहत इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों ने किसी मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड से बाहरवीं कक्षा पास की हो। इन पदों पर चयन के लिए लिखित और शारीरिक परीक्षा ली जाएगी। इन पदों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। किसी अन्य माध्यम से किया गया आवेदन अस्वीकार कर दिया जाएगा।
इस पद का सृजन वाणिज्य एवं परिवहन विभाग, ओडिशा के तहत किया गया है। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी, 2015 है। आवेदन करने के बाद हार्ड कॉपी जमा कराने की आवश्यकता नहीं है। ऑनलाइन आवेदन करने तथा आवेदन संबंधी अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार ओडिशा एसएससी की वेबसाइट http://www.odishassc.in/pdf/web%20.advt%20for%20the%20TRAFIC%20CONSTABLE%20.pdf पर लॉग ऑन करें।