JKSSB Constable 2026: जेकेएसएसबी कांस्टेबल के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ी, 12 मार्च तक का मिला समय
JKSSB Constable 2026 Last Date: जम्मू-कश्मीर सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (JKSSB) ने टेलीकम्युनिकेशन और फोटोग्राफर कांस्टेबल पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 2 मार्च 2026 से बढ़ाकर 12 मार्च 2026 कर दी है। इस भर्ती के तहत कुल 669 पदों पर भर्ती की जाएगी।
विस्तार
जम्मू एवं कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) ने जेके पुलिस के तहत टेलीकम्युनिकेशन और फोटोग्राफर कांस्टेबल पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। नोटिफिकेशन संख्या 15 ऑफ 2025 (दिनांक 31 दिसंबर 2025) के तहत शुरू हुई इस भर्ती प्रक्रिया में मूल रूप से आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 2 मार्च 2026 निर्धारित थी। लेकिन अभ्यर्थियों के अनेक प्रतिनिधित्वों के बाद बोर्ड ने इसे 12 मार्च 2026 तक विस्तारित कर दिया है।
भर्ती प्रक्रिया 31 दिसंबर 2025 को जारी अधिसूचना के माध्यम से शुरू हुई थी, जिसमें योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। बोर्ड को प्राप्त प्रतिनिधित्वों में अभ्यर्थियों ने अंतिम तिथि में विस्तार की मांग की थी, क्योंकि कई उम्मीदवार तैयारियां पूरी न कर पाने या तकनीकी कारणों से समय की कमी महसूस कर रहे थे। जेकेएसएसबी ने मामले की गहन समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया, ताकि अधिक से अधिक योग्य उम्मीदवार भाग ले सकें।
भरे जाएंगे कुल 669 पद
इस भर्ती के तहत बोर्ड ने कुल 669 पदों पर भर्ती की घोषणा की है, जिसमें सशस्त्र/आईआरपी, एसडीआरएफ, दूरसंचार और फोटोग्राफर जैसे विभिन्न कांस्टेबल पद शामिल हैं।
12वीं पास करें आवेदन
कांस्टेबल (सशस्त्र/आईआरपी/एसडीआरएफ) पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक (10वीं) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। वहीं कांस्टेबल (दूरसंचार) पद के लिए अभ्यर्थी का 10+2 परीक्षा विज्ञान विषय के साथ पास होना जरूरी है।
कांस्टेबल (फोटोग्राफर) पद के लिए उम्मीदवार का 10+2 (विज्ञान विषय के साथ) उत्तीर्ण होना चाहिए। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास कम से कम 6 महीने का कंप्यूटर कोर्स और वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी में 2 साल का कार्य अनुभव होना अनिवार्य है।
लिखित परीक्षा और शारीरिक परीक्षण
कांस्टेबल भर्ती के तहत पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में नकारात्मक अंकन लागू होगा। एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को नियमों के अनुसार बोनस अंक भी दिए जाएंगे। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों (रिक्तियों की संख्या से 6 गुना) को शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के लिए बुलाया जाएगा, जिसमें न्यूनतम ऊंचाई और छाती के माप की जांच की जाएगी।
कैसे होगा पीईटी?
पीएसटी में सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक सहनशक्ति परीक्षण (PET) में शामिल होना होगा, जिसमें लंबी दौड़, पुश-अप्स और शॉट पुट जैसे परीक्षण होंगे। पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को आयु के अनुसार मानकों में छूट दी जाएगी। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन के दौरान सभी मूल प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी और अंत में चिकित्सा परीक्षण के माध्यम से अभ्यर्थियों की शारीरिक एवं चिकित्सकीय उपयुक्तता का अंतिम मूल्यांकन किया जाएगा।