IAF Recruitment 2025: वायुसेना अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आज; 10वीं पास युवा तुरंत करें पंजीकरण
IAF Agniveervayu Bharti 2025: अग्निवीर वायु भर्ती 2025 के लिए आवेदन करने का आज अंतिम दिन है। भारतीय वायुसेना ने नॉन-कॉम्बैटेंट पदों के लिए यह भर्ती निकाली है, जिसमें हाउसकीपिंग और हॉस्पिटैलिटी जैसे कार्य शामिल हैं। 10वीं पास उम्मीदवार आज ही आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
Indian Air Force Non-Combatant Recruitment 2025: भारतीय वायुसेना (IAF) में नौकरी का सपना देखने वाले युवाओं के लिए आज बड़ा दिन है। अग्निवीर वायु भर्ती 2025 (IAF Agniveervayu Recruitment 2025) के लिए आवेदन प्रक्रिया आज, 1 सितंबर 2025 को समाप्त हो रही है। इस भर्ती अभियान के जरिए नॉन-कॉम्बैटेंट (Non-Combatants) पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं, जिनमें हाउसकीपिंग और हॉस्पिटैलिटी से जुड़े कार्य शामिल हैं।
अगर आपने अभी तक आवेदन नहीं किया है तो तुरंत आधिकारिक वेबसाइट agnipathvayu.cdac.in पर जाकर आवेदन पूरा करें। इस भर्ती में आवेदन करने के लिए न्यूनतम योग्यता कक्षा 10वीं पास निर्धारित की गई है। यानी मैट्रिक पास युवा भी इस सुनहरे मौके का फायदा उठाकर भारतीय वायुसेना का हिस्सा बन सकते हैं।
अविवाहित पुरुष उम्मीदवार ही कर सकते हैं आवेदन
इंडियन एयरफोर्स की यह भर्ती गैर-लड़ाकू पदों के लिए है। इच्छुक उम्मीदवार 1 सितंबर तक इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। गौरतलब है कि इस भर्ती के लिए केवल अविवाहित पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं। चयनित होने पर उम्मीदवार को चार वर्षीय प्रारंभिक कार्यकाल के दौरान शादी करने की अनुमति नहीं होगी, भले ही वे विवाह योग्य आयु प्राप्त कर लें।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को निम्न दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे:
- 10वीं कक्षा की मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट
- पासपोर्ट आकार का रंगीन फोटो (6 माह से अधिक पुराना न हो)
- अगर उम्मीदवार की आयु 18 वर्ष से कम है, तो माता पिता द्वारा हस्ताक्षरित राजीनामा। यदि उम्मीदवार 18 वर्ष से अधिक आयु का है, तो उसे यह स्वयं हस्ताक्षरित करके देना होगा।
आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया
इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को किसी भी शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा। अभ्यर्थी निःशुल्क आवेदन पत्र भरकर जमा कर सकते हैं। उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, फिजिकल टेस्ट, स्ट्रीम सूटेबिलिटी टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा।
इतना मिलेगा हर महीने वेतन
अग्निवीर वायु भर्ती योजना के तहत चुने गए उम्मीदवारों को पहले साल प्रति माह 30,000 रुपये वेतन मिलेगा। इसमें से 9,000 रुपये कॉर्पस फंड में जमा होंगे, यानी हाथ में 21,000 रुपये सैलरी आएगी। दूसरे साल वेतन बढ़कर 33,000 रुपये हो जाएगा, जिसमें से 9,900 रुपये कॉर्पस फंड कटने के बाद उम्मीदवार को 23,100 रुपये मिलेंगे। तीसरे साल में 36,500 रुपये वेतन तय है, जिसमें से 10,950 रुपये कॉर्पस फंड कटेंगे और हाथ में 25,550 रुपये आएंगे। चौथे साल उम्मीदवारों को 40,000 रुपये वेतन मिलेगा, जिसमें से 12,000 रुपये कॉर्पस फंड में जाने के बाद हाथ में 28,000 रुपये रहेंगे।
| साल | कुल मासिक वेतन | कॉर्पस फंड में कटौती | हाथ में सैलरी |
|---|---|---|---|
| पहला साल | ₹30,000 | ₹9,000 | ₹21,000 |
| दूसरा साल | ₹33,000 | ₹9,900 | ₹23,100 |
| तीसरा साल | ₹36,500 | ₹10,950 | ₹25,550 |
| चौथा साल | ₹40,000 | ₹12,000 | ₹28,000 |
आवेदन की प्रक्रिया
- इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों को ऑफलाइन मोड में आवेदन करना होगा।
- जारी नोटिफिकेशन से आवेदन पत्र डाउनलोड करना होगा।
- आवेदन पत्र में सभी विवरण सही और सावधानीपूर्वक भरें।
- आवश्यक दस्तावेजों की फोटो कॉपी संलग्न करें।
- अब इस आवेदन पत्र को नोटिफिकेशन में बताए अनुसार निर्धारित पते पर भेज दें।