BPSC 70th Exam: बीपीएससी70वीं भर्ती परीक्षा के लिए दोबारा बढ़ी रिक्तियों की संख्या, अब इतने पदों पर होगा चयन
BPSC 70th Vacancy: बीपीएससी सीसीई परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, बिहार लोक सेवा आयोग ने एक बार फिर रिक्तियों की संख्या में इजाफा किया है। विस्तृत विवरण नीचे पढ़ें।
विस्तार
BPSC 70th Vacancy: बिहार लोक सेवा आयोग ने एक बार फिर बीपीएससी70वीं भर्ती परीक्षा के लिए रिक्तियों की संख्या बढ़ा दी है। आयोग ने शनिवार को आधिकारिक नोटिस जारी कर कहा कि एकीकृत 70वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा में 4 नए पदों को जोड़ा गया है। यानी अब वैकेंसी 2027 से बढ़कर 2031 हो गई है।
पहले यह परीक्षा 17 नवंबर 2024 को आयोजित होने वाली थी, जिसे स्थगित कर दिया गया था। अब यह परीक्षा 13 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इस वर्ष लगभग 7 से 8 लाख अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल होंगे।
इन पदों में हुआ इजाफा
पहले लेवल-7 के पद अपर जिला परिवहन पदाधिकारी एवं समकक्ष मूल कोटि (बिहार परिवहन सेवा) परिवहन विभाग के लिए 4 रिक्तियां थी, जिसे अब बढ़ाकर 8 कर दिया गया है। अब इसमें अनारक्षित के लिए 3, ईडब्ल्यूएस के लिए 1, अनुसूचित जाति के लिए 2, ओबीसी के लिए 2 रिक्तियां शामिल है।
इसके लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। जिन उम्मीदवारों ने अभी भी परीक्षा के लिए आवेदन नहीं किया है, वे बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट (bpsc.bih.nic.in और onlinebpsc.bihar.gov.in) के जरिए 4 नवंबर 2024 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने कहा कि मौजूदा उम्मीदवार नाम, माता का नाम, पिता का नाम और जन्म तिथि को छोड़कर अपने ओटीआर (वन-टाइम रजिस्ट्रेशन) प्रोफाइल विवरण को से 4 नवंबर के बीच अपडेट कर सकते हैं।
आवेदन शुल्क
इस परीक्षा के लिए आवेदन करने के लिए सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को 600 रुपये का आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी, बिहार की स्थायी निवासी महिला उम्मीदवारों और विकलांग श्रेणी के उम्मीदवारों को 150 रुपये का भुगतान करना होगा।