BPSC AE 2025 Result: सहायक अभियंता भर्ती का रिजल्ट फिलहाल टला, पटना हाईकोर्ट के किस आदेश पर लिया गया ये फैसला?
BPSC AE Result 2026 Delayed: बीपीएससी ने असिस्टेंट इंजीनियर (सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल) भर्ती परीक्षा 2025 का रिजल्ट फिलहाल जारी नहीं करने का फैसला लिया है। आयोग ने बताया कि पटना हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के कारण परिणाम रोका गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही रिजल्ट घोषित किया जाएगा।
विस्तार
BPSC AE Result 2026 Delayed: बिहार लोक सेवा आयोग ने असिस्टेंट इंजीनियर (सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल) संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2025 के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया जाएगा। इसका कारण पटना हाईकोर्ट द्वारा दिया गया स्थगन आदेश है। आयोग ने कहा है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही रिजल्ट प्रकाशित किया जाएगा।
पटना हाईकोर्ट के आदेश से रुका रिजल्ट
बीपीएससी के अनुसार विज्ञापन संख्या 29/2025, 30/2025 और 31/2025 से संबंधित असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती परीक्षा का परिणाम फिलहाल रोका गया है। यह मामला CWJC संख्या 3972/2026 से जुड़ा हुआ है।
आयोग ने बताया कि पटना हाईकोर्ट ने 23 मार्च 2026 को पारित अपने आदेश में 9 मार्च 2026 के मेमो संख्या 2079(S) के तहत जारी अधिसूचना पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी थी।
चूंकि अभी तक अदालत की ओर से इस स्थगन आदेश को हटाने का कोई नया आदेश प्राप्त नहीं हुआ है, इसलिए परिणाम जारी नहीं किया जा सकता।
आयोग ने क्या कहा?
बीपीएससी ने अपने नोटिस में कहा कि अदालत के आदेश का पालन करना आयोग की जिम्मेदारी है। इसलिए जब तक कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती परीक्षा का परिणाम प्रकाशित नहीं किया जाएगा।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
आयोग ने अभ्यर्थियों से सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर फैल रही किसी भी तरह की अफवाह या अटकलों पर भरोसा न करने की अपील की है। बीपीएससी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर कहा कि उम्मीदवार अपनी आगामी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखें। जैसे ही वैधानिक और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होगी, परिणाम जल्द से जल्द घोषित कर दिया जाएगा।
रिजल्ट कब आएगा?
फिलहाल बीपीएससी ने परिणाम जारी करने की कोई नई तारीख घोषित नहीं की है। आयोग का कहना है कि अदालत से आवश्यक आदेश मिलने के बाद ही असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी किया जाएगा।
उम्मीदवारों के लिए सलाह
- किसी भी अनौपचारिक सूचना या वायरल संदेश पर भरोसा न करें।
- केवल बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से ही अपडेट प्राप्त करें।
- आगामी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखें।
- रिजल्ट से जुड़ी नई सूचना जारी होने पर आयोग आधिकारिक तौर पर जानकारी देगा।