BEML Vacancy: बीईएमएल में ऑपरेटर के 400+ पदों पर भर्ती, समय सीमा बेहद नजदीक; आईटीआई पास अभी भर दें फॉर्म
BEML Recruitment 2025: बीईएमएल ने आईटीआई पास उम्मीदवारों के लिए ऑपरेटर के 400 से अधिक पदों पर भर्ती निकाली है। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि नजदीक है, इसलिए योग्य उम्मीदवार बिना देरी किए तुरंत आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
BEML Non-Executives Recruitment 2025: भारत अर्थ मूवर्स (BEML) में ऑपरेटर के 400 से अधिक पदों पर भर्ती निकली है। जल्द ही इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने वाली है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार BEML की वेबसाइट bemlindia.in के माध्यम से 5 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आईटीआई भर्ती में कुल रिक्तियां निकाली गई हैं, जिनमें फिटर के 189 पद, टर्नर के 95 पद, वेल्डर के 91 पद, मशीनिस्ट के 52 पद और इलेक्ट्रीशियन के 13 पद शामिल हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
उम्मीदवार की आयु, योग्यता और अनुभव 5 सितंबर 2025 तक पूरे होने चाहिए। ऑपरेटर पद के लिए आवेदक ने संबंधित ट्रेड में आईटीआई कोर्स प्रथम श्रेणी (60%) के साथ पूरा किया हो और एनसीवीटी से नियमित उम्मीदवार के रूप में एनएसी सहित एनटीसी प्रमाणपत्र प्राप्त किया हो। एससी/एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों को न्यूनतम अंकों में 5% की छूट दी जाएगी।
सामान्य और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 29 वर्ष, ओबीसी के लिए 32 वर्ष और एससी/एसटी के लिए 34 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु में छूट सरकार के नियमों के अनुसार लागू होगी।
जानें आयु सीमा और आरक्षण की शर्तें
भारत सरकार के नियमों के अनुसार, एससी/एसटी उम्मीदवारों को 5 वर्ष और ओबीसी उम्मीदवारों को 3 वर्ष की आयु छूट मिलेगी। दिव्यांग उम्मीदवारों को न्यूनतम 40% विकलांगता होने पर अतिरिक्त 10 वर्ष की छूट दी जाएगी। साथ ही, एससी/एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
कितना लगेगा आवेदन शुल्क?
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये निर्धारित है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए कोई शुल्क देय नहीं है।
चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा होगी, जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे जो आईटीआई ट्रेड, सामान्य योग्यता, तर्कशक्ति और बुनियादी अंग्रेजी पर आधारित होंगे। इसके बाद कौशल परीक्षण/ट्रेड परीक्षण के माध्यम से उम्मीदवार की तकनीकी क्षमता का आकलन किया जाएगा।
सफल अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा और अंत में सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर मेरिट तैयार कर अंतिम चयन किया जाएगा।