कैलिफोर्निया नदी में डूबने वाले भारतीय परिवार के सदस्यों के शव मिले, एसयूवी का हुआ था एक्सीडेंट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खोजी दस्ते ने उत्तरी कैलिफोर्निया की नदी में डूबे भारतीय परिवार के सभी सदस्यों के शवों को ढूंढ निकाला है। भारी बारिश की वजह से परिवार की एसयूवी नदी में फिसलकर गिर गई थी। इस मामले पर मेंडोसिनो काउंटी शेरिफ के ऑफिस का कहना है कि दिन में लगभग 4 बजे गोताखोरों को ईल नदी में एक बच्चे की डूबी हुई लाश मिली। यह लाश कार के डूबने वाली जगह से 6 किलोमीटर की दूरी पर मिली। लड़के की पहचान 12 साल के सिद्धांत थोटापिल्ली के तौर पर हुई। सिद्धांत के पिता और 9 साल की बहन की लाश कार के अंदर से बरामद हुई थी वहीं रविवार को उसकी मां की लाश भी ढूंढ ली गई थी।
70 गोताखोरों की टीम ने जिसमें नाविक भी शामिल थे, उन्होंने रविवार को उस क्षेत्र की जांच की जहां एसयूवी कार डूबी थी। खोज अभियान में लगी एक नाव को एक किलोमीटर की दूरी पर गैसोलीन की गंध आई। शेरिफ के ऑफिस ने बताया- गोताखोर वहां पहुंचे तो उन्हें कार डूबी हुई मिली। जिसके बाद ट्रक टो करके कार निकाली गई। इसके अंदर से संदीप थोटापिल्ली और उनकी बेटी का शव मिला। पत्नी सौम्या थोटापिल्ली का शव बाद में दुर्घटना से थोड़ी दूरी पर मिला। संदीप यूनियन बैंक में उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे और लॉस एंजिलिस में अपने परिवार के साथ रहते थे।
संदीप की परवरिश गुजरात के सूरत में हुई थी और वह पिछले 15 सालों से अमेरिका में रह रहे थे। एक रिश्तेदार ने बताया कि परिवार पोर्टलैंड के ऑरेगन से अपने घर लॉस एंजिलिस वापस आ रहे थे। 8 अप्रैल को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई क्योंकि वह पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत सैन जोस में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर नहीं पहुंचे थे। इसके बाद उनके परिवार और दोस्तों ने फेसबुक पर उनका पोस्टर शेयर किया जिसमें उनकी आखिरी लोकेशन लिखी थी। जिस दिन परिवार की कार नदी में डूबी उस दिन काफी भारी बारिश हो रही थी।