{"_id":"5ae030434f1c1b320a8b6637","slug":"honour-killing-family-members-murdered-sana-cheema-because-she-refused-to-marry-with-relative","type":"story","status":"publish","title_hn":"पाक: रिश्तेदार से शादी करने से लड़की ने किया इंकार तो पिता और भाई ने मिलकर कर दी हत्या","category":{"title":"Pakistan","title_hn":"पाकिस्तान","slug":"pakistan"}}
पाक: रिश्तेदार से शादी करने से लड़की ने किया इंकार तो पिता और भाई ने मिलकर कर दी हत्या
क्राइम डेस्क, अमर उजाला
Updated Wed, 25 Apr 2018 02:04 PM IST
विज्ञापन
पाकिस्तान से ऑनर कीलिंग का एक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इसमें 26 साल की इटालियन पाकिस्तानी महिला की हत्या केवल इसलिए कर दी गई क्योंकि उसने अपने रिश्तेदार के साथ शादी करने से मना कर दिया। जियो न्यूज के मुताबिक सना चीमा की हत्या उसके पिता, चाचा और भाई ने मिलकर की है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक सना के पिता गुलाम मुस्तफा उसकी शादी अपने एक रिश्तेदार से करना चाहते थे लेकिन सना इटली में शादी करना चाहती थी। उसका शादी के लिए इंकार करना पिता को नागवार गुजरा और उन्होंने अपने बेटे अदनान मुस्तफा और भाई मजहर इकबाल के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि सबसे पहले तो परिवार ने सना की मौत को दुर्घटना बताने का प्रयास किया और उसे वेस्ट मनगोवाल राज्य के गुजरात इलाके में दफना दिया। जिसके बाद सोशल मीडिया पर अचानक सना के मर्डर की बातें आने लगीं। फिर स्थानीय पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच में जुट गई। जांच में पुलिस को पता चला कि उसके पिता ने अन्य दो लोगों के साथ मिलकर उसे मारने की योजना बनाई थी। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस इन फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि 2016 में भी पाकिस्तान से ऑनर किलिंग का एक मामला सामने आया था जिसमें ब्रिटिश मूल की सामिया शाहिद की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पाकिस्तानी मॉडल कंदील बलोच को भी उसके भाई ने मौत के घाट उतार दिया था। अब तो पाकिस्तान में ऑनर किलिंग की घटनाएं आम हो गई हैं। पाकिस्तान मानव अधिकार के आंकड़ों के मुताबिक इस साल 1 अप्रैल तक 50 ऑनर किलिंग के मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं साल 2017 में ऐसी 460 हत्याएं की गई थीं।