गोवा के पूर्व मंत्री मोंसेरेट पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला लापता
गोवा के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के पणजी उपचुनाव में उम्मीदवार अतानासियो मोंसेरेट उर्फ बाबुष पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला लापता हो गई है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि महिला यहां के एक पुनर्वास केंद्र से लापता हुई है।
महिला ने साल 2016 में मोंसेरेट पर नशीली दवाएं देने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। महिला का कहना था कि तब वह नाबालिग थी। पुलिस ने बताया कि महिला दक्षिणी गोवा जिले के एक पुनर्वास केंद्र में थी, जहां से 28 अप्रैल को वह लापता हो गई।
पुलिस ने बताया कि पिछले महीने तापता होने की एक शिकायत दर्ज की गई थी। 10 मई को पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज की। पुलिस का कहना है कि महिला का पता लगाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
आगामी पणजी विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार हैं मोंसेरेट
मोंसेरेट आगामी पणजी विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार हैं। उन पर मई 2016 में महिला से उसी साल मार्च में दुष्कर्म करने का आरोप लगा था, जब वह 17 वर्ष की थी। मोंलेरेट के खिलाफ उत्तरी गोवा की जिला अदालत में पुलिस ने चार्जशीट भी दाखिल की थी।
दक्षिणी गोवा के एनजीओ की निदेशक ऑडा विएगस ने कहा कि पीड़िता को पहले किशोरियों के लिए राज्य द्वारा संचालित एक सुविधा केंद्र में रखा गया था। लेकिन, बाद में उसके पुनर्वास के लिए उसे दक्षिणी गोवा के एक कॉन्वेंट में स्थानांतरित कर दिया गया था।
महिला के लापता होने के बाद 28 अप्रैल को विएगस कॉन्वेंट के अधिकारियों के साथ शिकायत दर्ज कराने पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि महिला फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही थी। विएगस ने कहा कि उन्हें डर था कि महिला खतरे में हो सकती है क्योंकि मामला 'हाई प्रोफाइल' था।