नई बीवी के साथ ऐश नहीं करने दूंगी मियां... अब भिजवाऊंगी जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन तलाक और हलाला तो किसी तरह बर्दाश्त कर लिया लेकिन जब शौहर ने इसके बावजूद दूसरा निकाह कर नई बीवी के आगे नीचा दिखाना शुरू किया तो यह पीड़ा पहली बीवी को बर्दाश्त नहीं हुई। शाहबाद में रहने वाली पीड़ित युवती ने शौहर और उसके परिवार वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज कराई है। गुजारा भत्ते के लिए अदालत का भी दरवाजा खटखटाया है।
शाहबाद में रहने वाली पीड़ित युवती के मुताबिक उसका निकाह 22 अक्तूबर 2014 को शराफत मियां की दरगाह के पास रहने वाले अजीम के साथ हुआ था। अजीम मेडिकल स्टोर चलाता है। युवती का आरोप है कि शादी के दो साल बाद अचानक ससुराल वालों ने उसे दहेज के लिए ताने देने शुरू कर दिए और अजीम ने उसे तीन तलाक दे दिया। वह अपने मायके आकर रहने लगी।
उसके ससुराल छोड़ने के कुछ ही दिन बाद अजीम ने दूसरा निकाह कर लिया। इसी बीच समाज के लोगों ने लानत-मलामत की तो अजीम ने पीड़िता के पास दोबारा निकाह करने का संदेश भिजवाया। पीड़िता का आरोप है कि हलाला के बाद अजीम ने जब उससे दोबारा निकाह किया तो अपने घर में रखने के बजाय उसे अलग किराये का कमरा दिला दिया।
गर्भवती हुई तब भी पति ने नहीं ली खोज-खबर
पीड़िता का कहना है कि अजीम किराये के घर में उससे कभी-कभी ही मिलने आता था। वह गर्भवती हुई तब भी न उसकी देखभाल की कोई जिम्मेदारी निभाई न खर्च के लिए पैसे दिए। मजबूर होकर वह अपने मायके चली आई, जहां उसने बेटी को जन्म दिया। इसके बाद भी अजीम ने कभी उसकी खैरखबर लेने की जरूरत नहीं समझी।
बुधवार को पीड़िता ने अपने शौहर अजीम, सास नजमा, ननद सहोलिया और कुशी, जेठ असलम समेत पांच लोगों के खिलाफ थाना प्रेमनगर दहेज उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज करा दी। पीड़िता के पिता की ओर से भी अजीम के खिलाफ गुजारा भत्ते के लिए अदालत में मुकदमा दायर किया गया है।