फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   why they attack on bjp minister's home in rajasthan

राजस्थान में दलित भाजपा विधायक के घर पर हमला क्यों किया गया?

Fri, 06 Apr 2018 04:40 PM IST
बीबीसी हिंदी
बीबीसी हिंदी Updated Fri, 06 Apr 2018 04:40 PM IST
विज्ञापन
why they attack on bjp minister's home in rajasthan

राजस्थान के हिंडौन में दो दिनों में लगातार दो बड़े विरोध प्रदर्शन हुए। दो अप्रैल को प्रशासन की आज्ञा से दलितों का और तीन अप्रैल को 'सर्वसमाज की प्रतिक्रिया' वाला विरोध प्रदर्शन जो तब निकाला गया, जब शहर में करीब 22 घंटे से धारा 144 लागू थी। धारा 144 यानी लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी। जिला कलेक्टर अभिमन्यु कुमार कहते हैं, "फिर भी तीन अप्रैल को कुछ लोगों ने शहर में जुलूस निकाला और भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, उनके पास जुलूस निकालने की आज्ञा भी नहीं थी। उन्हें पहले तो धारा 144 का उल्लंघन नहीं करना चाहिए था।"

विज्ञापन


सुरक्षा के कामों में लगे एक कर्मचारी ने बीबीसी से कहा, "जुलूस रोकने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रशासन पर पथराव भी हुए। भीड़ उग्र थी, कुछ लोग माहौल को बिगाड़ना चाहते थे।" और हुआ भी यही, दलित वर्ग से ताल्लुक रखने वाले दो नेताओं- एक पूर्व मंत्री भरोसी लाल जाटव और वर्तमान भाजपा विधायक राजकुमारी जाटव के घरों में आग लगा दी गई।
विज्ञापन


जयपुर में हैं विधायक

जाटव छात्रावास के प्रांगण में मोटरसाइकिल-स्कूटर-साइकिलों के जले फ्रेम, पिचकी हुई कड़ाही-हांडी, कमरों के दीवारों पर काले धुएं की परतें और किताबों-कापियों के हवा में फड़फड़ा रहे पन्ने, उस दिन की कहानी खुद कह देते हैं। एक कहानी विधायक राजकुमारी जाटव के जले घर की छत पर अब तक लहरा रहा पार्टी का झंडा भी कह रहा है। करसौली के सरपंच हरि चरण व्यंग्यात्मक हंसी के साथ कहते हैं, "जो सरकार अपनी पार्टी के विधायक को सुरक्षा न दे सकी, वो हम दलितों की क्या हिफाजत करेगी?" राजकुमारी जाटव फिलहाल जयपुर में डेरा डाले हैं और उनका घर खाली है। इन हालात में अगर विपक्षी दल कांग्रेस के नेता भरोसे लाल जाटव अगर खुद को 'असुरक्षित महसूस कर रहे हैं' तो समझा जा सकता है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

क्यों लगाई आग?

why they attack on bjp minister's home in rajasthan

लेकिन एक पूर्व और एक वर्तमान विधायक के घरों को क्यों आग लगाई? जाटव बस्ती में रहने वाले रवि कुमार कहते हैं, "उनके घर में जातीय कारणों से आग लगाई गई। उस दिन यहां जितने भी घर जलाए गए वो दलितों के थे।" विजय सिंह कहते हैं, "ये लोग दलितों को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते हैं।" महाभारत के पांडवों में से एक भीम की पत्नी हिडिंबा का मायका बताया जाने वाला हिंडौन अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। लेकिन एक तथ्य ये भी है कि दलितों के बंद के दिन यानी दो अप्रैल को भी शहर में तोड़फोड़ की कई वारदातें हुईं, जिसमें रेलवे स्टेशन के एक हिस्से में आग का लगना और सात सरकारी बसों को फूंका जाना भी है। 

हरि चरण दावा करते हैं कि कुछ लोग मुंह बांधे उनकी रैली में शामिल हुए और उन्होंने ही पूरा उपद्रव मचाया। कलेक्टर का कहना है कि प्रशासन ने एक विशेष जांच दल तैयार किया है जो उन लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहा है जिन्होंने दो तारीख को तोड़-फोड़ की। इनमें से कुछ लोग बाहर के भी बताए जा रहे हैं। हालांकि हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर राज्यसभा पहुंचने वाले किरोड़ीलाल मीणा इस पूरे हंगामे के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताते हैं जो उनके मुताबिक राज्य में भाईचारा और शांति की स्थिति को भंग करना चाहती है। बीजेपी सांसद कहते हैं, "कांग्रेस के पूर्व मंत्री के नेतृत्व में दो तारीख को बाजार में जो हुड़दंग मचाया गया उसके बाद जो प्रतिक्रिया हुई ये उसका नतीजा है।"

अफवाहों का दौर चलता रहा

किरोड़ीलाल मीणा आज जो खुले तौर पर कह रहे हैं वे बातें पिछले दिनों अफवाहों के रूप में शहर में घूमती रही हैं। भरोसी लाल जाटव के घर के भीतर जाटव हमलावरों के बड़ी तादाद में जमा होने से लेकर - जिनकी संख्या तीन से पांच हजार की बीच घूमती रही, अफवाहें ये भी फैलीं कि जाटवों ने बच्चों की स्कूली बसों पर हमला कर दिया है और ये भी कि वो अस्पताल में मरीजों के सलाइन के ट्यूब काट रहे हैं। मगर पूछने पर पता चला कि न तो किसी ने पांच हजार की भीड़ को देखा था, न स्कूली बस पर हमले को और न ही अस्पताल की ट्यूब को, लेकिन सुना तकरीबन सबने था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed