Bengal: हावड़ा के अस्पताल में नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में BJP का प्रदर्शन, अधीक्षक का इस्तीफा मांगा
Bengal: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि हावड़ा जिले के सरकारी अस्पताल में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया है। भाजपा ने इसके खिलाफ प्रदर्शन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के एक सरकारी अस्पताल में एक नाबालिग लड़की से कथित तौर पर छेड़छाड़ के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश सचिव उमेश राय ने कहा, "हावड़ा में एक नाबालिग लड़की अस्पताल में भर्ती थी। कल रात उसे एक सीटी स्कैन से गुजरना पड़ा। जब उसे हावड़ा अस्पताल में सीटी स्कैन सेंटर ले जाया गया, तो वहां काम करने वाले एक लड़ने ने उसे अकेला पाकर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। अश्लील वीडियो दिखाया। छेड़छाड़ की और कपड़े उतारने को कहा। ये सब इसलिए हुआ क्योंकि वहां कोई और नहीं था। जिस व्यक्ति ने यह अपराध किया है, वह अपराधी है। लेकिन उस व्यवस्था की कल्पना करें जो इस अपराध को करने के लिए उपलब्ध कराई गई है।"
राय ने कहा, "देश में मरीजों, डॉक्टरों और अस्पतालों की सुरक्षा का मुद्दा उठ रहा है। यह हावड़ा के सरकारी अस्पताल की पूरी तरह से अक्षमता है। हम अधीक्षक के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हैं और उनका नाम भी प्राथमिकी में शामिल किया जाना चाहिए।"
भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा, विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों में से नौ यहां (विरोध प्रदर्शन स्थल) पर हैं। मैं उनसे मिलने आया हूं। कल अदालत में प्राथमिकी दर्ज होगी। दूसरी बात, केवल आरजी कर मेडिकल कॉलेज ही नहीं, बल्कि बंगाल में कई जगहों पर ऐसी घटनाएं हो रही हैं। सात साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया है और हावड़ा में 13 साल की बच्ची के साथ भी यही हुआ। यहां एक महिला मुख्यमंत्री हैं, लेकिन वह महिलाओं के लिए सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित नहीं कर पा रही हैं।
मामले को लेकर अस्पताल अधीक्षक ने क्या कहा
वहीं, मामले को लेकर अस्पताल के अधीक्षक नारायण चट्टोपाध्याय ने कहा, हावड़ा थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। हमने पीड़िता का सीटी स्कैन करने वाले प्राइवेट पार्टनर से स्पष्टीकरण मांगा है। हम इसे अपने उच्च अधिकारियों को भेजेंगे और उनके अनुसार कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, वह प्राइवेट-पब्लिक-पार्टनर था। हम पीड़िता और उसके परिवार के सदस्यों को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं। चट्टोपाध्याय ने कहा, सीटी स्कैन रूम में मरम्मत का काम चल रहा है, लेकिन शाम को अचानक उसने काम शुरू करा दिया। हमें इसकी जानकारी नहीं थी।
गिरफ्तार किया गया आरोपी लैब टेक्नीशियन: पुलिस
वहीं, इस मामले को लेकर पुलिस ने कहा कि नाबालिग से छेड़छाड़ करने के आरोप में एक लेब्रोटरी टेक्नीशियन को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना शनिवार शाम को हुई। नाबालिग लड़की को पिछले हफ्ते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नाबालिग के परिवार के एक सदस्य ने दावा किया कि वह रोते हुए लेब्रोटरी से बाहर आई, क्योंकि आरोपी ने उसके साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ की और इस मामले के बारे में किसी बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। एक अधिकारी ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।
डीवाईएफआई ने मांगा अस्पताल अधीक्षक का इस्तीफा
इस बीच, माकपा की युवा शाखा डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के सदस्यों ने भी रविवार को अस्पताल में प्रदर्शन किया और अस्पताल के अधीक्ष के इस्तीफे की मांग की।